23 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: अलवर रोजगार सेतु पोर्टल शुरू: युवाओं को घर बैठे मिलेगी नौकरी, ऐसे करें आवेदन

अलवर के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने ‘अलवर रोजगार सेतु’ पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल के जरिए युवा अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार नौकरी खोजकर आवेदन कर सकेंगे। स्थानीय नियोक्ता भी अपनी रिक्तियों की जानकारी पोर्टल पर साझा कर सकेंगे।
2 min read
Google source verification
alwar rojgar setu portal

अलवर रोजगार सेतु पोर्टल शुरू

अलवर जिला प्रशासन ने युवाओं और स्थानीय उद्योगों को एक-दूसरे से जोड़ने के लिए ‘अलवर रोजगार सेतु’ पोर्टल तैयार किया है। इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और रोजगारदाताओं को उनकी जरूरत के अनुसार योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध कराना है। युवा और स्थानीय नियोक्ता पोर्टल पर जाकर इसका उपयोग कर सकते हैं।

युवाओं को मिलेगा रोजगार

जिला प्रशासन के अनुसार युवा रोजगार के अवसरों की जानकारी लेने और आवेदन करने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। वहीं स्थानीय रोजगारदाता भी अपनी उपलब्ध रोजगार आवश्यकताओं और रिक्त पदों की जानकारी पोर्टल पर साझा कर सकेंगे। इससे रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और स्थानीय कंपनियों के बीच सीधे संपर्क का रास्ता बनेगा।

पोर्टल पर युवाओं को जॉब टाइटल और स्किल के आधार पर निःशुल्क नौकरी खोजने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही जिले में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी भी यहां मिल सकेगी। युवा अपनी पसंद की नौकरी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और बाद में अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकेंगे।

उपलब्ध नौकरियां खोज सकेंगे

युवाओं को सबसे पहले पोर्टल पर मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण करना होगा। इसके बाद अपनी प्रोफाइल पूरी करनी होगी। प्रोफाइल में शैक्षणिक योग्यता, आईटीआई ट्रेड, स्किल्स, काम का अनुभव, पसंदीदा स्थान और अनुमानित वेतन जैसी जानकारी दर्ज करनी होगी। प्रोफाइल पूरी होने के बाद युवा अपनी योग्यता और कौशल के मुताबिक उपलब्ध नौकरियां खोज सकेंगे।

पसंद की नौकरी मिलने पर युवा ‘Apply for Job’ के विकल्प के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद ‘My Application’ सेक्शन में आवेदन की स्थिति देखी जा सकेगी। यदि किसी नियोक्ता की ओर से अभ्यर्थी को शॉर्टलिस्ट किया जाता है तो आगे की प्रक्रिया के लिए नियोक्ता से संपर्क की जानकारी प्राप्त होगी।

स्थानीय रोजगारदाताओं के लिए भी पोर्टल पर रिक्तियों की जानकारी साझा करने की सुविधा उपलब्ध है। नियोक्ता पंजीकरण कर अपनी जरूरत के अनुसार Job Opening उपलब्ध करा सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसर एक ही मंच पर दिखाई दे सकेंगे। जिले के युवा और रोजगारदाता पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। जिला प्रशासन की इस पहल से रोजगार तलाश रहे युवाओं को अपने जिले में उपलब्ध अवसरों की जानकारी एक जगह मिलने की सुविधा होगी।