22 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Kathumar ACB trap: अलवर के कठूमर में एसीबी की कार्रवाई, 35 हजार रुपए रिश्वत लेते दो इंजीनियर पकड़े

Kathumar ACB trap: अलवर की पंचायत समिति कठूमर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। दोनों अधिकारियों पर पंचायत समिति में लंबित 2.52 लाख रुपए के बिल के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
2 min read
Google source verification
alwar kathumar acb trap

एसीबी ट्रैप में पकड़े गए आरोपी इंजीनियर (फोटो - पत्रिका)

Kathumar ACB trap: अलवर की पंचायत समिति कठूमर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। दरअसल पोसवाल कम्पनी ने ग्राम पंचायत में एफएसएसी योजना के तहत टेंडर के माध्यम से राजीव गांधी सेवा केन्द्र ईटोला का मरम्मत कार्य कराया था।

इस काम का 2,52,000 रुपए का बिल पंचायत समिति कठूमर में भुगतान के लिए लंबित था। बिल का भुगतान कराने के लिए परिवादी ने पंचायत समिति कार्यालय में सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान से संपर्क किया था।

18 सितंबर को शिकायत का सत्यापन

शिकायत के मुताबिक सहायक अभियंता शिवराम ने बिल पास करने की एवज में 40,000 रुपए रिश्वत की मांग की थी। वहीं, कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान पर 15,000 रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी चौकी भिवाड़ी ने 18 सितंबर को रिश्वत मांग की शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन में दोनों अधिकारियों की ओर से रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई।

इस तरह मांगी गई रिश्वत

सत्यापन के दौरान शिवराम द्वारा 40,000 रुपए की मांग की गई। परिवादी के राशि कम करवाने के आग्रह के बाद वह 35,000 रुपए लेने पर सहमत हुआ। इसमें से 10,000 रुपए मौके पर लेने और बाकी 25,000 रुपए बाद में लेने की बात सामने आई। इसी तरह मिन्ना खान ने 15,000 रुपए की रिश्वत मांगी और 5,000 रुपए मौके पर प्राप्त करने के बाद 10,000 रुपए और लेने पर सहमति जताई।

एसीबी चौकी भिवाड़ी ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता शिवराम को 25,000 रुपए और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को 10,000 रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों डिटेन किया। यह कार्रवाई डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस, एसीबी के सुपरवीजन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व एसीबी चौकी भिवाड़ी के प्रभारी एवं ट्रैप कार्रवाई अधिकारी सुरजीत सिंह, पुलिस निरीक्षक ने किया।

एसीबी की पूछताछ जारी

एसीबी के अनुसार कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरवीजन में मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी ने बताया कि प्रकरण भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया जाएगा और मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। कार्रवाई के बाद पंचायत समिति कठूमर में रिश्वत मांगने और सरकारी काम के बदले अवैध राशि लेने के आरोपों को लेकर विभागीय स्तर पर भी जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। एसीबी ने शिकायत, सत्यापन और ट्रैप कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों से पूछताछ के आधार पर रिश्वत मांगने के पूरे मामले की कड़ियां जांची जाएंगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।