अलवर

भिवाड़ी में हादसा, सिलेंडर बदलते समय आग लगने से हुआ धमाका

राजस्थान के औद्योगिक हब भिवाड़ी के साथलका गांव स्थित बिल्लू लेबर कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक हादसा हो गया।

2 min read
Apr 30, 2026

राजस्थान के औद्योगिक हब भिवाड़ी के साथलका गांव स्थित बिल्लू लेबर कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक हादसा हो गया। यहाँ एक श्रमिक परिवार के घर में गैस सिलेंडर बदलते समय हुए अचानक रिसाव ने भीषण आग का रूप ले लिया, जिसकी चपेट में आने से परिवार के सात सदस्य झुलस गए। इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।

गैस का तेज रिसाव शुरू

घटनाक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश के निवासी 35 वर्षीय नेम सिंह अपने परिवार के साथ इस कॉलोनी में किराए के कमरे में रहकर गुजर-बसर करते हैं। गुरुवार सुबह जब रसोई में खाना बनाने का कार्य किया जा रहा था, तभी अचानक गैस खत्म हो गई। नेम सिंह जब नया सिलेंडर लगाकर उसे चालू करने का प्रयास कर रहे थे, तभी उसमें से गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते एलपीजी गैस पूरे कमरे में भर गई और आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। कमरे में जगह कम होने के कारण वहां मौजूद किसी भी सदस्य को बाहर निकलने का अवसर नहीं मिला और सभी आग की चपेट में आ गए।

अलवर सामान्य चिकित्सालय रैफर

इस दर्दनाक हादसे में नेम सिंह, उनकी पत्नी ममता, मामा बृजेश और चार बच्चे काजल, किशनबती, पंकज व छगन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आग पर काबू पाया और झुलसे हुए सदस्यों को तुरंत भिवाड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलवर के सामान्य चिकित्सालय रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि झुलसने के कारण बच्चों को ज्यादा नुकसान पंहुचा है। हालांकि अब इनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।


पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी बरामद की है। इस फुटेज में सिलेंडर से निकलती आग की लपटें और लोगों द्वारा जान जोखिम में डालकर सिलेंडर को कमरे से बाहर खींचने का खौफनाक मंजर कैद हुआ है।

हादसे के बाद बिखरा सामान 


भिवाड़ी थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा सिलेंडर बदलते समय रेगुलेटर या वॉशर में तकनीकी खराबी के कारण गैस लीक होने से हुआ प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

Published on:
30 Apr 2026 12:49 pm
Also Read
View All