
अलवर/लक्ष्मणगढ़। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। चलती कार में आग लगने से 5 लोग जिंदा जल गए और कार चालक गम्भीर रुप से झुलस गया। गंभीर घायल को उपचार के लिए अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर हालत में जयपुर रैफर कर दिया।
डीएसपी कैलाश जिंदल ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात करीब 12 बजे मौजपुर के समीप पिलर नम्बर 115/300 पर दिल्ली से कोटा की ओर जा रही एक कार में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। कार में सवार लोगों को सम्भलने का मौका ही नही मिला और पूरी कार चंद मिनटों में आग का गोला बन गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में गैस लीकेज के चलते आग लगी।
हादसे में पति-पति, दो बेटी और सास की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, कार चालक एमपी के श्योपुर निवासी विनोद कुमार मेहर ने बड़ी मुश्किल से कार से कूद कर अपनी जान बचाई। हादसें में कार चालक विनोद कुमार मेहर 80 प्रतिशत झुलस गया।
वही, स्थानीय लोगों की सूचना पर एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम व एम्बुलेंस मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही गश्त कर रही लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाने का जाप्ता व एसएचओ नेकीराम मौके पर पहुंचे और दमकल को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची 2 दमकलों ने आग पर काबू पाया। लेकिन, इससे पहले ही कार कबाड़ में तब्दील हो गई। कर दिया। कुछ ही देर में ही डीएसपी कैलाश जिंदल भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
हादसा इतना भयावह था कि शव पूरी तरह जलकर कंकाल में बदल गए, जिन्हें अलग-अलग पोटलियों में समेटना पड़ा। पुलिस ने डॉक्टरों के सहयोग से मृतकों के अवशेषों को एकत्रित किया और पोस्टमार्टम के लिए लक्ष्मणगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। शवों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। परिजनों के पहुंचने के बाद मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।
एसएचओ नेकीराम का कहना है कि मृतकों की पहचान हो गई है। मृतकों में पति-पति, दो बेटी और सास शामिल है। हादसे में संतोष (35), शशि (32) पत्नी संतोष, रागिनी पुत्री संतोष, साक्षी पुत्री संतोष और साल पार्वती (50) निवासी चैनपुरा श्योपुर की मौत हो गई। परिजनों को हादसें के बारे में जानकारी दे दी गई है।
हादसे में 80 प्रतिशत झुलसे कार चालक को ईलाज के लिए पिनान के सीएचसी में भिजवाया। जहां से उसे अलवर रैफर कर दिया। लेकिन, गंभीर हालत में चलते जयपुर रैफर कर दिया। घायल का जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।