अलवर

भाजपा के इस वरिष्ठ नेता ने राफेल डील मामले में कांग्रेस पर बोला बड़ा हमला, सरकार बनाने का भी किया दावा

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Sep 24, 2018
BJP Leader Om Mathur Speaks On Rafale Deal
भाजपा के इस वरिष्ठ नेता ने राफेल डील मामले में कांग्रेस पर बोला बड़ा हमला, सरकार बनाने का भी किया दावा

अलवर. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि राफेल विमान देश व भारतीय सेना की जरूरत है। इसके बावजूद भी कांग्रेस ने राफेल विमान की खरीद 13 साल तक लटकाए रखी। इसका कारण सौदे में कमीशन नहीं मिल पाना था। माथुर ने कहा कि राफेल को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। कुछ अनाड़ी लोग इसे गलत तरीके से चला रहे हैं। विपक्ष में इस मुद्दे पर भाजपा से डिबेट करने का साहस ही नहीं है। कांगे्रस को इस मुद्दे पर डिबेट की चुनौती दी थी, लेकिन वे इसके लिए तैयार ही नहीं है।

रविवार को यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य व केन्द्र सरकार के प्रति लोगों में कोई नाराजगी नहीं है। राजस्थान व केन्द्र में भाजपा की फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। राहुल गांधी को लेकर माथुर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों को प्रचार करने का पूरा अधिकार है।

वे किसी को भी स्टार प्रचारक माने, उनको छूट है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी प्रदेश में दौरे कर संगठन के काम में जुटे हैं। गौरव यात्रा के दौरान बानसूर में मुख्यमंत्री के समक्ष मंच पर टिकट के दो दावेदारों के विवाद पर उन्होंने कहा कि बड़ा परिवार है, कुछ न कुछ होता रहता है, लेकिन सभी एक हैं कोई विवाद नहीं है। इससे पूर्व माथुर पूर्व विधायक जीतमल जैन के निवास पर पहुंचे और उनकी कुशलक्षेम जानी। कुछ देर पूर्व विधायक से बात कर वे रामकथा के लिए प्रस्थान कर गए।

Read More

Updated on:
24 Sept 2018 11:14 am
Published on:
24 Sept 2018 11:14 am