अलवर

भाजपा के इस नेता ने पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दिए अश्लील फोटो, मचा हड़कंप

भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने पार्टी के व्हाट्स एप ग्रुप में अश्लील फोटो शेयर कर दिए। इसके बाद उन्हें पद से हटा दिया।

2 min read
Oct 18, 2020
BJP Leader Share Vulgar Photos In Party Whats app Group
भाजपा के इस नेता ने पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दिए अश्लील फोटो, मचा हड़कंप

अलवर. भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो शेयर कर दिया, इस पर जिलाध्यक्ष ने उन्हें पद से कार्यमुक्त कर दिया। हालांकि निवर्तमान भाजपा मंडल अध्यक्ष अभी भाजपा में बतौर सदस्य मौजूद हैं।

अलवर शहर स्थित भाजपा के विवेकानंद मंडल के अध्यक्ष नवीन खंडेलवाल के मोबाइल से शुक्रवार रात 11-11.15 बजे कुछ अश्लील फोटो एक वाट्सएप ग्रुप पर शेयर हो गए। हालांकि मंडल अध्यक्ष का कहना है कि यह अश्लील फोटो डिलिट करते समय गलती से ग्रुप में शेयर हो गया। खास बात यह कि ग्रुप के एडमिन भी भाजपा से जुड़े एक कार्यकर्ता ही हैं, लेकिन ग्रुप से अश्लील फोटो अभी नहीं हट सके हैं। ग्रुप में अश्लील फोटो शेयर होने का खुद मंडल अध्यक्ष खंडेलवाल व अन्य लोगों को भी कुछ ही समय में पता चल गया, लेकिन अश्लील फोटो को तुरंत हटाने के लिए कोई सक्रिय नहीं हुआ। नतीजतन गु्रप में अश्लील फोटो शेयर होने की बात कुछ ही समय में भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारियों, नेताओं व कार्यकर्ताओं तक पहुंच गई। बाद में वाट्सएप ग्रुप में भाजपा मंडल अध्यक्ष की ओर से अश्लील फोटो शेयर होने की बात शहर व जिले में कई अन्य लोगों तक भी पहुंच गई।

जिलाध्यक्ष ने पद से हटाया

वाट्सएप ग्रुप में अश्लील फोटो शेयर होने की बात पता चलने के बाद शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष संजयसिंह नरूका ने नवीन खंडेलवाल को पार्टी के विवेकानंद मंडल के अध्यक्ष पद से कार्यमुक्त कर दिया। हालांकि खंडेलवाल अभी पार्टी के सदस्य हैं।

पार्टी नेताओं ने साधी चुप्पी

भाजपा मंडल अध्यक्ष खंडेलवाल की ओर से वाट्सएप ग्रुप में अश्लील फोटो शेयर होने की बात पर पार्टी के ज्यादातर प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने चुप्पी साध ली। कुछ कार्यकर्ता व पदाधिकारी जरूर दबी जुबान से घटना को लेकर गलती से ग्रुप में अश्लील फोटो डल जाने की बात कहते सुनाई पड़े।

मोबाइल से हटाते समय गलती से ग्रुप में शेयर हो गए

अलवर शहर के भाजपा विवेकानंद मंडल के अध्यक्ष नवीन खंडेलवाल का कहना है कि किसी ने ये अश्लील फोटो उनके मोबाइल पर डाले थे, जिसे वे हटा रहे थे। इसी दौरान गलती से ये फोटो एक वाट्सएप ग्रुप में शेयर हो गए। ग्रुप के एडमिन भी भाजपा के एक कार्यकर्ता ही हैं, उनसे ये फोटो हटाने को कहा, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि पूरा ग्रुप डिलिट करना होगा और दोबारा से गु्रप में इतने सदस्य जोडऩा संभव नहीं है। इस कारण ये अश्लील फोटो नहीं हट पाए। हालांकि पार्टी जिलाध्यक्ष ने उन्हें अब कार्यमुक्त कर दिया है। पार्टी जिलाध्यक्ष से भी इस सम्बन्ध में बात की, उन्होंने इसे गलत बताया। मुझे कार्यमुक्त करने के पीछे दवाब भी हो सकता है। वैसे पार्टी में मेरी कभी किसी से नाराजगी नहीं रही, लेकिन पार्टी में मौके का फायदा उठाने वाले भी कई लोग हो सकते हैं।

गलत कार्य किया, सजा मिलनी ही थी

पार्टी के एक मंडल अध्यक्ष के मोबाइल से एक वाट्सएप ग्रुप में अश्लील फोटो शेयर होने की मुझे शनिवार को जानकारी मिली। मंडल अध्यक्ष ने यह गलत कार्य किया, इसलिए उन्हें तुरंत पद से कार्यमुक्त कर दिया। गलत कार्य किया है तो सजा तो मिलनी ही थी। वैसे मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति की ओर से ऐसी आपत्तिजनक सामग्री डालने की हिम्मत करना भी गलत है। मंडल अध्यक्ष ने खुद भी यह गलती स्वीकारी है।
संजयसिंह नरूका, जिलाध्यक्ष, भाजपा अलवर

Published on:
18 Oct 2020 01:14 pm