
अलवर. अलवर शहर में बुधवार शाम को बदमाशों ने आधे घंटे के भीतर ही तीन महिलाओं की चेन खींचकर भाग निकले। शहर में चेन स्नेचर गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को बाइक सवार चेन स्नेचरों ने केवल आधे घंटे के भीतर शहर में सरेराह तीन महिलाओं के गले से झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। चेन स्नेचरों ने सबसे पहले तीये की बैठक में शामिल होने अलवर के गुलाब बाग आई कठूमर निवासी एक महिला को निशाना बनाया। इसके बाद आर्य कन्या स्कूल के पास पेंशन लेकर लौट रही एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन तोड़ ली। इसके बाद भी चेन स्नेचरों का दुस्साहस कम नहीं हुआ। उन्होंने चंद मिनट बाद स्टेशन रोड गोशाला के पास बैंक से सैलरी निकालने जा रही आट्र्स कॉलेज की एक महिला सहायक कर्मचारी के गले से चेन तोड़ ली। इसके बाद चेन स्नेचर फरार हो गए।
पहली वारदात
चेन स्नेचरों ने सबसे पहले कठूमर निवासी महिला संध्या खण्डेलवाल को निशाना बनाया। संध्या अपने पति सुनील के साथ कार से बस स्टैण्ड स्थित गुलाब बाग आई थी। संध्या के पति ने बताया कि उसके साडू की माताजी का बुधवार को तीया था। जिसमें शामिल होने वे दोपहर करीब तीन बजे अलवर आए। गुलाब बाग पर कार खड़ी कर वह और उसकी पत्नी जैसे ही तीये की बैठक में शामिल होने जाने लगे, तभी बाइक सवार दो युवक तेजी से आए और झपट्टा मारकर संध्या के गले से ढाई तोला की सोने की चेन तोड़ भाग निकले।
दूसरी वारदात
बाइक सवार चेन स्नेचरों ने इसके चंद मिनट बाद आर्य कन्या स्कूल के सामने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। बापू बाजार निवासी 70 वर्षीय प्रेमलता शर्मा अपने बेटे सर्वेश के साथ नंगली सर्किल स्थित एसबीआई बैंक से पेंशन के रुपए निकाल कर बाइक से घर लौट रही थी। आर्य कन्या स्कूल के सामने दोपहर करीब सवा तीन बजे बाइक सवार दो युवक तेज गति से आए और प्रेमलता के गले से तीन तोला की सोने की चेन तोड़ ले गए। प्रेमलता के बेटे ने इनमें से एक युवक को पकडऩे की कोशिश भी की, इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगडऩे से उसकी मां गिर गई। जिसे बचाने के लिए उसने बाइक रोक दी और बाइक सवार लुटेरे फरार हो गए।
तीसरी वारदात
दो महिलाओं के गले से चेन तोडऩे की वारदात के बाद भी बाइक सवार लुटेरों का दुस्साहस कम नहीं हुआ। उन्होंने स्टेशन रोड गोशाला के पास बैंक से सैलरी निकालने जा रही आट्र्स कॉलेज की एक महिला सहायक कर्मचारी के गले से चेन तोड़ ली। पुराना रूपबास जगन्नाथ मंदिर निवासी महिला कमली (50) पत्नी बोदनलाल ने बताया कि वह बैंक जाने के लिए बिजलीघर से अलवर वाहिनी में बैठी। स्टेशन रोड ओबीसी बैंक पर उतरकर जैसे ही वह बैंक जाने लगी। तभी पीछे से बाइक सवार दो युवक तेज गति से आए और झपट्टा मारकर उसके गले से डेढ़ तोला की सोने की चेन तोडकऱ फरार हो गए।
तीनों वारदात में एक ही गिरोह का हाथ
चेन स्नेचिंग की तीनों वारदातें एक ही गैंग की बताई जा रही हैं। पुलिस के अनुसार तीनों वारदातों में काली पल्सर बाइक का इस्तेमाल किया गया। बाइक पर दो युवक सवार थे, जिनमें से पीछे बैठे युवक ने मुंह पर कपड़ा अथवा रुमाल बांध रखा था। पुलिस वारदात के खुलासे के लिए आस-पास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही हैं।
तीन-चार दिन से सक्रिय है गिरोह
पुलिस के अनुसार शहर में चेन स्नेचर गिरोह पिछले तीन-चार दिन से सक्रिय है। दो-तीन दिन पहले भी शहर में बाइक सवार युवकों ने एक महिला के गले से चेन तोड़ ली थी। इससे एक दिन पहले भी एक महिला के गले से चेन तोड़ी गई।