अलवर

स्वच्छता सर्वेक्षण: अलवर शहर रैंकिंग का रिजल्ट 17 को, पिछले साल था 364 वां  नंबर   

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने रविवार को स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 का रिजल्ट जारी कर दिया है। पहले चरण में 10 लाख की आबादी से ज्यादा वाले शहरों को लिया गया है।
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2025, 12:28 PM IST
Feature image
नगर निगम

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने रविवार को स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 का रिजल्ट जारी कर दिया है। पहले चरण में 10 लाख की आबादी से ज्यादा वाले शहरों को लिया गया है। अब 17 जुलाई को अलवर की बारी आएगी। अलवर 3 लाख से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में शामिल है।

उसी दिन इन शहरों की रैंकिंग जारी होगी। नगर निगम को उम्मीद है कि राजस्थान के टॉप 3 जिलों में अलवर का नाम आएगा। इसके अलावा देश के टॉप 20 शहरों में शामिल होने की उम्मीद है। पिछली रैंकिंग में अलवर 364 वें नंबर पर था। प्रदेश में 20वां स्थान मिला था।

इन कामों के जरिए उम्मीद

नगर निगम ने इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर काफी तैयारी की थी। प्रशासन ने अतुल्य स्वच्छता अभियान शुरू किया था। इस अभियान के तहत शहर में अस्थाई कचराघर खत्म किए गए थे। इसके अलावा शहर के स्कूलों व कार्यालयों की दीवारों पर पेंटिंग कराई थी। डंपिंग यार्ड भी खत्म किया गया। उसकी जगह आधुनिक कचरा संग्रहण केंद्र बनाया गया। इसके अलावा कचरा निस्तारण प्लांट का संचालन भी किया गया।

स्कूलों के शौचालयों को ठीक किया गया। शहर की नियमित सफाई की गई। जनता की जागरूकता के लिए राजस्थान पत्रिका ने भी अभियान चलाया। यह सभी कोशिशें काम आई और शहर का माहौल बदल गया। स्वच्छता रैंकिंग के लिए निरीक्षण को पहुंची टीम ने यहां के कार्यों को काफी अच्छा बताया। इसी को लेकर नगर निगम ने माना कि रैंकिंग बेहतर आएगी।

आवास और शहरी मंत्रालय ने बड़े शहरों की स्वच्छता रैंकिंग जारी की है। इन टॉप शहरों को सुपर लीग में शामिल करते हुए 17 जुलाई को दिल्ली में अवॉर्ड देने के लिए बुलाया है, जिसमें नगर निगम जयपुर ग्रेटर को भी बुलाया गया है। दूसरे चरण की रैंकिंग में अलवर भी शामिल होगा। अलवर की तुलना अजमेर, कोटा, जोधपुर, बीकानेर, भीलवाड़ा, सीकर नगर निगम के कामों से होगी, जो प्रदेश के 9 शहर हैं। इसी तरह देश के 111 शहरों से तुलना की जाएगी।

स्वच्छता सर्वेक्षण में अलवर बेहतर प्रदर्शन करेगा। क्योंकि हमारी तैयारियां अच्छी थीं। जनता से लेकर सभी का सहयोग मिला - जीतेंद्र सिंह नरूका, आयुक्त

Updated on:
14 Jul 2025, 12:28 PM IST
Published on: