
अलवर नगर निगम चुनाव में भाजपा के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अलवर में रोड शो किया। हेलीकॉप्टर से पहुंचने पर हेलीपैड पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा, पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका अभिवादन किया गया। बाद में मुख्यमंत्री खुली जीप में सवार होकर शहर के प्रमुख बाजारों से रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। भाजपा ने नगर निगम के सभी वार्डों में जीत का दावा किया है।
रोड शो के दौरान वन राज्यमंत्री संजय शर्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ खुली जीप में सवार थे। असहज महसूस होने पर वे जीप में नीचे बैठ गए।
जगन्नाथ मंदिर से मुख्यमंत्री के शहर में रोड शो के दौरान हाई सिक्योरिटी के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता का करीब सवा लाख रुपए कीमत का मोबाइल गायब हो गया। मोबाइल गुम होने से कार्यकर्ता परेशान नजर आया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार लगातार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें अपनी योग्यता के अनुसार बेहतर क्षेत्र में काम मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार के नए अवसर पैदा करने और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवा, किसान, मजदूर और महिलाओं को साथ लेकर प्रदेश के विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।