
राजस्थान विधानसभा चुनावों में अब बेहद कम समय शेष है। ऐसे में भाजपा अभी से चुनावी मोड में आ गई है। भाजपा की ओर से आगामी चुनावों की रणनीति तैयार की जा रही है। अलवर व अजमेर लोकसभा सीट पर उपचुनावों में मिली हार के बाद भाजपा इन दोनों जिलों में फिर से अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है।
16-17 सितंबर को अलवर में रह सकती है मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा आगामी 16 व 17 सितम्बर को अलवर जिले में रह सकती है। हालांकि पार्टी के पास अभी गौरव यात्रा का कार्यक्रम नहीं आया है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि यह यात्रा राजगढ़ क्षेत्र से जिले में प्रवेश करेगी और दो दिन जिले में रहकर ज्यादातर विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी।
गौरव यात्रा से चुनावी माहौल बनाने का प्रयास
भाजपा की गौरव यात्रा संभवत: आगामी 16-17 सितम्बर के बीच अलवर जिले से गुजरेगी। इस दौरान जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा का स्वागत के अलावा, कुछ स्थानों पर मुख्यमंत्री समेत अन्य बड़े नेताओं की सभा का आयोजन कराने की योजना है। पार्टी के रणनीतिकारों का प्रयास है कि गौरव यात्रा में अधिकाधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाए, जिससे जिले में पार्टी का चुनावी माहोल बन सके।
दावेदारों की जोर आजमाइश पर नजर
गौरव यात्रा के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में टिकट के दावेदारों की ओर से जोर आजमाइश की संभावना है। इनमें कई मौजूदा विधायकों के साथ ही नए चेहरे भी मुख्यमंत्री के समक्ष ताकत दिखाने की रणनीति में जुट गए हैं। गत लोकसभा उपचुनाव के बाद जिले में बदली परिस्थितियों के चलते इस बार हर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदारों की कतार लंबी होने की उम्मीद है। पार्टी के चुनावी रणनीतिकार इसी आशंका को भांप यात्रा के दौरान दावेदारों की संभावित जोर आजमाइश पर नजर गड़ाए हुए हैं।