भाजपा की गौरव यात्रा आगामी 4 अगस्त से शुरू होनी है। राजनीतिक क्षेत्रों में भाजपा की गौरव यात्रा को चुनावी तैयारियों का शंखनाद माना जा रहा है। गौरव यात्रा के नाम पर पार्टी इन दिनों अलर्ट पर है। यात्रा की तैयारियों को लेकर छोटे से लेकर बड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बैठकों के माध्यम से सम्पर्क साधा जा रहा है। वहीं उन्हें चुनावी गतिविधियों के लिए क्रियाशील बनाने का कार्य पूर्व में ही शुरू किया जा चुका है। इसी क्रम में भाजपा की बुधवार को अलग-अलग तबके के कार्यकर्ताओं की तीन अलग बैठकें हुई। वहीं इससे पूर्व बहरोड़ में भी जिला बैठक का आयोजन कर जिले में पार्टी की चुनावी तैयारियों का आगाज किया जा चुका है। खास बात यह कि इन बैठकों में पार्टी के जिला संगठन प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव खुद चुनावी रणनीति की कमान संभाले हुए हैं।