अलवर

कोरोना सैंपलिंग में सबसे अव्वल अलवर जिला, चिकित्सा विभाग प्रतिदिन ले रहा 10 हजार से ज्यादा सैंपल, अन्य जिलों में हजार भी नहीं

अलवर जिले में प्रतिदिन 10 हजार से अधिक कोरोना सैंपल लिए जा रहे हैं। शनिवार को रेकॉर्ड 13 हजार से ज्यादा सैंपल लिए गए।

2 min read
Jun 28, 2021
कोरोना सैंपलिंग में सबसे अव्वल अलवर जिला, चिकित्सा विभाग प्रतिदिन ले रहा 10 हजार से ज्यादा सैंपल, अन्य जिलों में हजार भी नहीं

अलवर. जिले में कोरोना सैंपलिंग रेकॉर्ड स्तर पर चल रही है। चिकित्सा विभाग की ओर से पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन 10 हजार से अधिक आरटीपीसीआर टेस्ट किए जा रहे हैं। राजधानी जयपुर में प्रतिदिन 6 से 7 हजार के बीच कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। अलवर में शनिवार 26 जून को जयपुर से करीब दोगुने 13 हजार 62 कोरोना सैंपल लिए। वहीं इस दिन 640 रैपिड एंटीजेन टेस्ट भी किए गए। जबकि प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सैंपलिंग एक हजार से भी कम है। अलवर जिले में 20 जून से 26 जून से बीच एक सप्ताह में रिकॉर्ड 64 हजार 14 कोरोना सैंपल लिए गए। कोरोना की ट्रेसिंग करने के लिए सभी ब्लॉक में अधिक से अधिक सैंपल लेने का प्रयास किया जा रहा है। यही कारण है कि अलवर जिले में अन्य जिलों के मुकाबले कोरोना संक्रमितों की संख्या कुछ अधिक मिल रही है। लेकिन सैंपल के आधार पर देखें तो जिले की स्थिति काफी बेहतर है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बन रहे रेकॉर्ड

चिकित्सा विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कोरोना सैंपल लिए जा रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी 100 से अधिक सैंपल लिए जा रहे हैं। शनिवार को बानसूर ब्लॉक में 2 हजार 178 आरटीपीसीआर टेस्ट किए गए। वहीं मुंडावर में 1395, किशनगढ़ में 1327, राजगढ़ में 1024, लक्ष्मणगढ़ में 941, तिजारा में 878, खेरली में 728, अलवर शहर में 699, शाहजहांपुर में 695, बहरोड़ में 626, रामगढ़ में 621, थानागाजी में 582, मालाखेड़ा में 520, रैणी में 485, कोटकासिम में 362 सैंपल लिए गए हैं। इनके अलावा 640 रैपिड एंटीजेन टेस्ट किए गए। पिछले दिनों राजगढ़ के होली का बास में कुछ व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले थे। कोरोना की चैन तोड़ने के लिए गांव के सभी व्यक्तियों के सैंपल लिए गए थे।

संक्रमण दर एक प्रतिशत से भी कम

जिले की संक्रमण दर एक प्रतिशत से भी कम है। पिछले सप्ताह कुल 64 हजार 14 सैंपल लिए गए। जिनमें से मात्र 336 कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। इस दौरान जिले की कोरोना संक्रमण दर एक प्रतिशत से भी कम है। पिछले एक सप्ताह में 0.52 प्रतिशत संक्रमण दर रही। अच्छी बात ये है कि इस दौरान किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई।


सैंपलिंग में बढ़ोतरी की

जिले में कोरोना की रोकथाम के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सैंपलिंग की संख्या बढ़ाई गई है। जिस क्षेत्र में संक्रमित मिल रहे हैं। वहां सभी व्यक्तियों के सैंपल लिए जा रहे हैं।

डॉ. छबील कुमार, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अलवर


अलवर जिले में लिए गए कोरोना सैंपल

दिनांक--- सैंपल

20 जून----- 1967

21 जून---- 6874

22 जून----7901

23 जून---- 11521

24 जून----10889

25 जून--- 11160

26 जून--- 13702

कुल- 64 हजार 14


अन्य जिलों में सैंपलिंग की स्थिति

जिला 27 जून 26 जून 25 जून 24 जून

जयपुर 6095 6968 7291 7650

जोधपुर 1378 1647 1693 1369

उदयपुर 1249 1406 1420 1701

कोटा 1775 1878 2019 1972

अजमेर 808 927 678 820

बीकानेर 1980 1577 1943 1877

Published on:
28 Jun 2021 08:32 am
Also Read
View All