अलवर

कोरोना के डर के बीच अलवर में अफवाहों का दौर, दुकानों व बाजार में सामान लेने के लिए लग रही लोगों की भीड़

कोरोना के डर के बीच अलवर में अफवाहों का दौर, सामान लेने के लिए लग रही लोगों की भीड़
2 min read
Mar 21, 2020
कोरोना के डर के बीच अलवर में अफवाहों का दौर, सामान लेने के लिए लग रही लोगों की भीड़Corona Virus : People Buying Goods In Alwar
कोरोना के डर के बीच अलवर में अफवाहों का दौर, सामान लेने के लिए लग रही लोगों की भीड़

अलवर. कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए बाजारों में राशन की दुकानों पर दूसरे दिन भी भीड़ रही। इस भीड़ के चलते दुकानदारों को सामान देने में परेशानी का सामना करना पड़ा।गुरुवार शाम को अलवर में कोरोना संक्रमण को लेकर अफवाहों का दौर चला।

इसके चलते लोग खाद्य पदार्थों को घरों में सुरक्षित रखने के लिए सामान खरीदने बाजारों में पहुंच गए। इसके चलते पंसारी बाजार और केडल गंज सहित कई बाजारों में भीड़ रही। इसी प्रकार शुक्रवार को भी खाद्य पदार्थों की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ थी। केडल गंज व कृषि उपज मंडी में लोगों ने गेहूं की खरीददारी की। दुकानदारों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गेहूं के कट्टों की बिक्री बढ़ गई है, इसके भाव आगामी दिनों में बढऩे की कोई संभावना नहीं है।

इसी प्रकार भटियारों की गली के दुकानदारों ने बताया कि गुरुवार शाम से अचानक खरीददारों की संख्या बढ़ गई है जिसके कारण हमें परेशानी हो रही है। इसके कारण हम इतना सामान नहीं दे पा रहे हैं। लोगों को किसी प्रकार के भय में नहीं आकर सामान्य खरीददारी करनी चाहिए। अलवर में खाद्य पदार्थ और अन्य किसी प्रकार की सामग्री कम होने की आशंका नहीं है।

सब्जी के भाव हुए सामान्य-

गुरुवार शाम को अलवर में यह अफवाह फैल गई कि सब्जी मंडी में आगामी सात दिन के लिए बंद हो जाएगी। इसके चलते यहां काफी भीड़ हो गई थी। गुरुवार शाम तक जो प्याज 30 रुपए किलो थे, वहीं प्याज शाम को 70 रुपए प्रति किलो तक बिक गए।

शुक्रवार को दूसरे दिन अफवाह नहीं होने के कारण सब्जी मंडी में
सामान्य भीड़ रही। इसके चलते सब्जी के भाव सामान्य रहे।

सब्जी विक्रेता गोरधन सिंधी ने बताया कि टमाटर 30 रुपए, आलू 25, गोभी 30, मटर 35 से 40,
गाजर 25, बैंगन 20 रुपए, लहसुन 100 रुपए तथा अदरक के भाव

80 रुपए प्रति किलो रहे। इसी प्रकार इस दिन फलों के भाव भी सामान्य रहे।

रविवार को सब्जी मंडी रहेगी बंद-

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से रविवार को जनता कफ्र्यू लगाने लगाने का आह्वान को देखते हुए सब्जी मंडी में रविवार को काम नहीं होगा।

सब्जी मंडी आढ़त यूनियन के प्रवक्ता सौरभ कालरा ने बताया कि इस आह्वान के चलते सुबह से ही दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान थोक व रिटेल का काम नहीं होगा।

Published on:
21 Mar 2020 08:00 am