अलवर

न्यायालय ने अलवर के इन दो हार्डकोर अपराधियों को सुनाई 10 साल की सजा, व्यापारियों ने ली राहत की सांस

https://www.patrika.com/alwar-news/

2 min read
Aug 04, 2018
Court Give 10 Years Punishment To Two Hardcore Criminals Of Alwar
न्यायालय ने अलवर के इन दो हार्डकोर अपराधियों को सुनाई 10 साल की सजा, व्यापारियों ने ली राहत की सांस

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या (2) शंकर लाल गुप्ता ने तीन साल पहले तिजारा के मेन मार्केट स्थित ज्वैलरी शोरूम में घुसकर कट्टे की नोक पर लूट के मामले में दो आरोपियों को दस वर्ष की सजा एवं दस हजार रुपए के आर्थिक दण्ड से दंडित किया है। अपरलोक अभियोजक सुनील जैन ने बताया कि 11 सितंबर 2015 को संजय कुमार पुत्र रमेश जैन निवासी वार्ड नंबर 9 तिजारा ने तिजारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका तिजारा मेन मार्केट में भरत मिलाप चौक वाली गली में ज्वैलरी का शोरूम है। वह अपने शोरुम पर समय करीब 1 बजकर 20 मिनट पर दुकान पर लेटा हुआ था।

तभी दो आदमी उसकी दुकान पर जबरदस्ती घुस आए। उन्होंने कट्टे की नोक पर दुकान में लूट का प्रयास किया। तफ्तीश में कलवन्त सिंह पुत्र बलवीर निवासी जैन मंदिर के पीछे सरदारों की ढाणी तिजारा एवं बसन्त सिंह पुत्र मोदा सिंह निवासी मीठीयावास विद्यालय के पीछे थाना टपूकड़ा के विरुद्ध धारा 394, 454, 398 भादस व 9/25 आमर्स अधिनियम का जुर्म साबित पाया गया। मामले में न्यायाधीश ने दोनों आरोपितों को दस वर्ष की सजा एवं दस हजार रुपए के अर्थदंड से दण्डित किया।

ट्रेन से कटकर युवक की मौत

अलवर. ईटाराणा फ्लाईओवर के समीप गुरुवार रात ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार सुबह सामान्य चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। अरावली विहार थाने के एएसआई बाबूलाल ने बताया कि मुण्डावर के बासनी निवासी नितिन चौधरी (22) पुत्र मुकेश चौधरी अलवर के फ्रेण्डस कॉलोनी में किराए का मकान लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। गुरुवार रात एफसीआई गोदाम और ईटाराणा फ्लाईओवर के बीच अज्ञात ट्रेन से कटकर नितिन की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद अरावली विहार थाना मौके पर पहुंची। मौका-मुआयना करने के बाद शव को सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, मृतक के बड़े भाई कपिल चौधरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है।

Published on:
04 Aug 2018 09:19 am