
अलवर जिले के बड़ौदामेव क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। दोनों हादसों की वजह आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टक्कर होना बताई जा रही है। हादसों के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पहला हादसा रविवार तड़के बुटियाना गांव के पास चैनल नंबर 102/800 पर हुआ। यहां जयपुर से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक दीपक (35) निवासी माजली, बहरोड़ और जनक (33) घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौदामेव ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया।
इसी दिन दूसरा हादसा गुजर खोहर्रा के पास चैनल नंबर 110/900 पर हुआ। दिल्ली से जयपुर जा रही एक कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। कार में सवार आशीष कुमार (35) और उनकी पत्नी मीनू (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी बड़ौदामेव पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों हादसों में वाहनों की रफ्तार अधिक थी और ट्रक से पर्याप्त दूरी नहीं बनाए रखने के कारण टक्कर हुई। हालांकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर वाहन चालकों के लिए चेतावनी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हाईवे और एक्सप्रेस वे पर सुरक्षित दूरी बनाए रखना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और सतर्क होकर वाहन चलाना बेहद जरूरी है। छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। आये दिन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर होते हादसों को रोकने के लिए लोगों ने प्रभावी सुधार करने की मांग की है।