अलवर

High-Tech Parking: अलवर में बनेगी 5 मंजिला हाईटेक पार्किंग, 8 करोड़ आएगी लागत; UIT ने तैयार किया खास डिजाइन

Alwar High-Tech Car Parking: बाजार में पार्किंग का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। यूआइटी ने अपनी कमर्शियल योजना प्रगति कॉम्प्लेक्स में बनाने के लिए मुहर लगा दी है। पांच मंजिला इस मैकेनिकल पार्किंग में 62 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था होगी।
2 min read
May 10, 2026
यहां बनेगी पार्किंग। फोटो: पत्रिका
यहां बनेगी पार्किंग। फोटो: पत्रिका

Alwar News: अलवर। बाजार में पार्किंग का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। यूआइटी ने अपनी कमर्शियल योजना प्रगति कॉम्प्लेक्स में बनाने के लिए मुहर लगा दी है। पांच मंजिला इस मैकेनिकल पार्किंग में 62 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। करीब 8 करोड़ रुपए इस पर खर्च होंगे। प्रति कार किराया प्रति घंटे के हिसाब से निर्माण के बाद तय होगा।

प्रगति कॉम्प्लेक्स में दुकानों के लिए अधिकांश भूखंड बेचे जा चुके हैं। यहां पार्किंग के लिए भूखंड आरक्षित किए गए हैं। इसे देखते हुए यूआइटी ने यहां मैकेनिकल पार्किंग बनाने पर मुहर लगाई है। कुछ औपचारिकताएं दो से चार दिन में पूरी हो जाएंगी। उसके साथ टेंडर करके कार्य शुरू किया जाएगा।

गाड़ी नीचे छोड़ते ही पहुंचेगी सीधे पांचवें तल पर

एक गाड़ी खड़ी करने पर लागत करीब 13 लाख रुपए आएगी। कुल खर्च करीब 8 करोड़ के आसपास होगा। इस पार्किंग में नीचे जैसे ही कार पार्क होने के लिए पहुंचेगी, तो सिस्टम के जरिए वह सीधे पांचवीं या खाली मंजिल पर जा खड़ी होगी। इस पार्किंग का डिजाइन फाइनल हो गया है।

जगह नहीं मिलने के बाद यह निर्णय

यूआइटी ने कंपनी बाग से लेकर जय कॉम्प्लेक्स में पार्किंग बनाने के लिए प्लान तैयार किया था, लेकिन दुकानदारों का विरोध होने के कारण प्रस्ताव वापस हो गया। पुरानी तहसील की जमीन पर भी प्रस्तावित प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए कोई तैयार नहीं हो पाया, तो आखिर में पार्किंग विकल्प प्रगति कॉम्प्लेक्स में देखा गया।

एंट्री और एग्जिट में परेशानी

कॉम्प्लेक्स के अंदर तो जमीन खूब है, लेकिन इसमें एंट्री और एग्जिट फिलहाल एक ही जगह होगी। यह बहुत कम चौड़ी जगह है, ऐसे में रोजाना जाम से दो-चार होना पड़ सकता है।

62 वाहनों के खड़े करने की व्यवस्था होगी

प्रगति कॉम्प्लेेक्स में पांच मंजिल की मैकेनिकल पार्किंग बनाने जा रहे हैं। कुछ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसका कार्य शुरू होगा। 62 वाहनों के खड़े करने की व्यवस्था होगी।
-स्नेहल नाना, सचिव, यूआइटी

Published on:
10 May 2026 09:24 am