
सीकर में एक परीक्षा केंद्र के बार परीक्षार्थियों की भीड़। पत्रिका फाइल फोटो
सीकर। देशभर में हाल ही हुई नीट परीक्षा 2026 सवालों के घेरे में है। परीक्षा से एक दिन पहले सीकर में बांटे गए गैस पेपर्स में से कई सवाल हुबहू आने की सूचना पर एसओजी ने उच्चाधिकारियों की टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। परीक्षा वाले दिन कुछ विद्यार्थियों ने सीकर के उद्योग नगर पुलिस थाने में मामले की शिकायत की थी, जब पुलिस ने इस पर ध्यान नहीं दिया तो विद्यार्थियों ने एनटीए में दस्तावेज के साथ ई-मेल के जरिए शिकायत की।
मामला राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा तक पहुंचा तो एटीएस और एसओजी सक्रिय हुई। जयपुर से आए अधिकारी पिछले दो दिन से संदिग्ध युवकों से पूछताछ में जुटे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक 3 मई को नीट की परीक्षा के बाद कुछ छात्रों ने उद्योग नगर थाना में पुलिस को शिकायत की थी।
जिसमें बताया कि परीक्षा से पहले जारी हुए एक गैस पेपर के कई सवाल पेपर में हूबहू आए हैं। पुलिस ने इस शिकायत की गंभीरता से नहीं लिया और एसपी को भी सूचना नहीं दी। शिकायतकर्ताओं को कहा कि अपना मोबाइल दे दो, जांच करवा लेंगे और उन्हें थाने से रवाना कर दिया।
शिकायतकर्ता विद्यार्थियों ने तुरंत नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को कुछ सबूतों के साथ ई-मेल के जरिए शिकायत की। एनटीए ने इसकी सूचना राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा को दी। डीजीपी ने एटीएस और एसओजी मामले को देखने के निर्देश दिए।
एसओजी ने मिले कुछ सबूतों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ना शुरू की। एटीएस एवं एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए एक्सपर्ट उच्च अधिकारियों की टीम गठित की और स्वयं सीकर आकर संदिग्ध युवकों व छात्रों से पूछताछ शुरू की।
बताया जा रहा है कि पिपराली रोड, नवलगढ़ रोड के कई हॉस्टल्स में से पुलिस ने करीब 8 छात्रों और युवकों को उठाया और उद्योग नगर थाना ले जाकर पूछताछ की। उद्योग नगर पुलिस थाना, कोतवाली, गोकुलपुरा व दादिया थानों का पुलिस जाब्ता भी पिपराली रोड पर अलग-अलग जगह दबिश देता रहा। पिपराली रोड व आसपास के क्षेत्र में एटीएस एंड एसओजी के अधिकारी व पुलिस की टीमें छानबीन करती रही। हालांकि मामले में शनिवार रात तक पुलिस ने आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एडीजी विशाल बंसल, एसओजी के आइजी अजयपाल लांबा, एटीएस व एसओजी के एडीजीपी दिनेश एमएन सहित अन्य अधिकारी शुक्रवार देर रात से शनिवार तक सीकर में डेरा डाले रहे। एसओजी के अधिकारी और सीकर की पुलिस टीमें मामले की जांच कर रहे हैं।
आठ संदिग्धों सहित कई छात्रों को उद्योग नगर पुलिस थाना में बुलाकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि सीकर में नीट परीक्षा से एक दिन पहले 2 मई की रात को ही कुछ गैस पेपर आए थे। इनमें से एक मैं दिए गए सवालों में से फिजिक्स व बायोलॉजी के बहुत से सवाल नीट परीक्षा के पेपर में हूबहू आए थे। हालांकि इस मामले में सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से प्रतियोगी और शैक्षणिक परीक्षाओं में पेपर लीक या आउट होने का सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। रीट 2021, सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती-2022, सीनियर टीचर भर्ती (ग्रेड-II), पटवारी भर्ती परीक्षा, जेईएन भर्ती परीक्षा, लाइब्रेरियन भर्ती, आरओ/ईओ भर्ती परीक्षा में पेपर लीक, डमी अभ्यर्थी और परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में गड़बड़ी करने के मामले सामने आए हैं। एसआइ भर्ती परीक्षा 2021 तो रद्द करनी पड़ी।
Updated on:
10 May 2026 07:50 am
Published on:
10 May 2026 07:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
