अलवर

कुख्यात अपराधी लादेन ने जेल में से फोन कर ट्रांसपोर्ट व्यापारी को दी जान से मारने की धमकी, पैसे नहीं दिए तो 5 दिन में मरवा दूंगा !

जेल में बंद कुख्यात अपराधी विक्रम गुर्जर उर्फ़ लादेन ने ट्रांसपोर्ट व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी है।

2 min read
Oct 18, 2020
Gangster Vikram AKA Laden Death Threat To Businessmen From Jail
कुख्यात अपराधी लादेन ने जेल में से फोन कर ट्रांसपोर्ट व्यापारी को दी जान से मारने की धमकी, पैसे नहीं दिए तो 5 दिन में मरवा दूंगा !

अलवर. अलवर जिले के बहरोड़ पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर बदमाश पहाड़ी निवासी विक्रम उर्फ लादेन ने मोहमदपुर निवासी ट्रांसपोर्ट व्यापारी को जेल से व्हाट्सएप कॉल कर जान से मारने की धमकी देने शिकायत की है। जानकारी के अनुसार मोहमदपुर निवासी लालचन्द पुत्र कन्हैया ने पुलिस थाने में शिकायत दी है कि उसने दो साल पहले जागुवास निवासी बलराज को दो लाख रुपए दिए थे। उसके बाद उसने उसके ताऊ के लडक़े सुजान पुत्र छीतरमल को छह लाख से अधिक, सुनील पुत्र मातादीन को बारह लाख बलराज के कहने पर दिए थे। वहीं लालचन्द जब भी सुजान से रुपए मांगने जाता तो उसको पैसे देने से मना कर स्थानीय बदमाश लादेन से मरवाने की धमकी देता है।

शुक्रवार देर रात को लालचन्द की दुकान पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो में आए चार पांच लोगों के साथ बलराज का भाई अरुण उसकी दुकान के बारे में जानकारी दे रहा था। इसके बाद शनिवार सुबह भाई की लडक़ी के पास एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया जिस पर बात कि तो कॉल पर लादेन बोल रहा हूँ। कहते हुए कहा कि बलराज व उसके भाइयों से तुझे रुपए नहीं मिलेंगे और सुजान के खिलाफ जो चेक बाउंस का केस लगा रखा है उसको वापस ले ले। बलराज के द्वारा तेरे को मारने के लिए दो लाख रुपए की सुपारी मिली है। अगर तूने बलराज व उसके भाइयों का लेनदेन रफा दफा नहीं किया तो तेरे को पांच दिन में जान से मार दूंगा।

बहरोड़ थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया कि पुलिस को एक ट्रांसपोर्ट व्यापारी द्वारा लादेन के खिलाफ जेल से व्हाट्सएप कॉलिंग के द्वारा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी है। जिसकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
लॉरेंस बिश्नोई के साथ फोटो की थी वायरल

हिस्ट्रीशीटर विक्रम उर्फ लादेन ने गत दिनों भरतपुर सेवर जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ जेल में फोटो लेकर सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी। जिसको लेकर जेल प्रशासन की ओर से मामला दर्ज कराया गया था।

Published on:
18 Oct 2020 02:25 pm