गोविन्दगढ़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने अध्ययन के साथ-साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल की है।
गोविन्दगढ़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने अध्ययन के साथ-साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल की है। विद्यार्थियों ने विद्यालय से गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे 500 से अधिक पेड़-पौधों की निराई-गुड़ाई कर उन्हें संवारने के साथ पानी डालकर देखभाल की। इस दौरान छात्रों ने श्रमदान करते हुए पौधों के आसपास फैली झाड़ियों और घास को हटाया तथा उन्हें सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने न केवल पौधों की वर्तमान स्थिति सुधारने का कार्य किया, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया। छात्रों का कहना था कि पेड़-पौधे ही जीवन का आधार हैं और उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह साबित किया कि पर्यावरण संरक्षण केवल भाषणों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यवहारिक प्रयासों से ही संभव है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मवीर गेरा ने छात्रों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ाव और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराना जरूरी है। ऐसे अभियानों से छात्रों में सेवा भावना, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर किए गए ये प्रयास भविष्य में समाज को सकारात्मक दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे।