अलवर

Alwar: अजंता केमिकल्स शराब फैक्टरी पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, जीएम व दो अन्य गिरफ्तार

शहर में अवैध शराब का धंधा जोरों से चल रहा है। इस पर आबकारी विभाग ने सख्ती दिखाई है। एमआइए स्थित शराब फैक्ट्री अजंता केमिकल्स पर कार्रवाई की गई है। यहां बिना मार्का की शराब मिलने और स्प्रिट मिसिंग मिलने पर फैक्ट्री जीएम, चालक और एक ऑपरेटर को गिरफ्तार किया गया है।
2 min read
Jun 04, 2026
Liquor
अजंता शराब फैक्ट्री के बाहर पकड़ी गई अवैध शराब

आबकारी विभाग अलवर ने बिना मार्का की शराब मिलने और स्प्रिट मिसिंग मिलने पर एमआइए स्थित एक शराब फैक्टरी के स्टोरेज एरिया को सील कर दिया। मामले में फैक्ट्री जीएम, चालक और एक ऑपरेटर को गिरफ्तार किया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैमन ने बताया कि शराब फैक्टरी अजंता केमिकल्स पर कार्रवाई की गई। फैक्टरी के बाहर बिना होलोग्राम और एकसाइज ड्यूटी चुकाए एक पिकअप में भरी 220 पेटी शराब को जब्त किया गया। पिकअप एचआर नंबर की थी। इसके चालक को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद फैक्टरी के अंदर जांच की गई तो वहां भी गड़बड़ी पाई गई। स्टॉक की जांच में यहां 8500 लीटर स्प्रिट मिसिंग थी, जबकि 2500 ढक्कन भी मिले हैं। चालक की निशानदेही पर फैक्टरी के जनरल मैनेजर सुबोध जैन और ऑपरेटर निहाल को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैमन, अतिरिक्त जिला आबकारी अधिकारी राजेश मीणा, सीआइ प्रद्युम्मन अग्रवाल, सीआइ उधम सिंह और पीओ सतीश व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

अनियमितता मिलने पर तीन बीयर बार सील

बीयर बार में युवतियों से शराब परोसने सहित कई अनियमितताओं के चलते आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के तीन बीयर बार को सील किया गया है। आबकारी अधिकारी अर्चना जैमन के निर्देश पर इंस्पेक्टर उधम सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। सिंह ने बताया कि 17 मई को बार संचालकों ने ही जयपुर जाकर कमिश्नर को शिकायत देकर बीयर बार में काम करने वाली युवतियों के वीडियो दिखाए थे। इसके बाद लोकल बीयर बार, यश कैफे व मदिरा बार की जांच की गई थी। इसमें कई खामियां मिलने पर रिपोर्ट बनाकर उदयपुर भेजी गई थी। वहां से मिले निर्देशों के अधार पर तीनों को सील किया गया है। अभी जांच चल रही है। गौरतलब है कि अलवर में 30 से ज्यादा बार संचालित हो रहे हैं। विभाग ने पिछले दिनों ही बार में महिलाओं के काम करने पर रोक लगाई थी, लेकिन यहां कई बार में महिलाओं के शराब परोसने की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है।

कमिश्नर के आदेश पर हुई कार्रवाई

आबकारी विभाग को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि अलवर के कई बीयर बार में महिलाओं के शराब परोसने सहित कई नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। जिन बीयर बार के खिलाफ शिकायत मिली थी, उन पर कार्रवाई की जा चुकी है। अन्य की भी जांच की जा रही है, जहां भी अनियमितता मिलेगी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
04 Jun 2026 11:04 am
Published on:
04 Jun 2026 11:04 am