अलवर

जज सुसाइड मामले में बड़ी कार्रवाई, पत्नी और IAS साली पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

राजस्थान में अलवर जिले के न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने पत्नी स्वाति मलिक और IAS साली निधि मलिक समेत अन्य पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया। मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड खंगालते हुए जांच तेज कर दी है।

4 min read
May 04, 2026
जज सुसाइड केस: अमन शर्मा, उनकी पत्नी और IAS साली (पत्रिका क्रिएटिव फोटो सोशल मीडिया)

अलवर/नई दिल्ली: सफदरजंग एन्क्लेव (दिल्ली) स्थित आवास में न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में रविवार को पुलिस ने जांच तेज करते हुए पत्नी स्वाति मलिक और उनकी आईएएस चचेरी बहन निधि मलिक समेत अन्य पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। शनिवार को अमन का शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला था।

परिवार के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। अमन ने रात में पिता को फोन कर मानसिक तनाव और उत्पीड़न की बात कही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें

जज सुसाइड केस: अलवर में पिता ने रोते हुए दी मुखाग्नि, आखिर क्यों पत्नी-बच्चे अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे?

रविवार को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड खंगाले गए। परिजनों ने उत्पीड़न और दबाव के आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावनाओं सहित हर पहलू की गहन जांच कर रही है।

घरेलू विवाद और प्रताड़ना के आरोपों के बीच मौत

दिल्ली न्यायिक सेवा के अधिकारी (जज) अमन शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई खुदकुशी ने सबको झकझोर कर रख दिया है। महज 25 साल की उम्र में पहले ही प्रयास में जज बनने वाले अमन शर्मा ने अपने दिल्ली स्थित आवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना के बाद से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि अमन लंबे समय से अपनी पत्नी और उनके रसूखदार परिवार की प्रताड़ना से तंग आ चुके थे।

परिजनों का सीधा आरोप है कि वह पिछले दो महीनों से भयंकर मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। घर में पूरी तरह से पत्नी का नियंत्रण था और उनकी किसी बात को तवज्जो नहीं दी जाती थी।

बाथरूम का दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए थे होश

घटना की रात अमन शर्मा ने राजस्थान के अलवर में रहने वाले अपने अधिवक्ता पिता प्रेम कुमार शर्मा को फोन किया था। रोते हुए अमन ने कहा था, मैं बहुत परेशान हूं, मेरा जीना मुश्किल हो गया है। यह मेरा आखिरी कॉल है। बेटे की ऐसी बातें सुनकर पिता उसी वक्त रात में ही अलवर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।

जब पिता दिल्ली पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि अमन की पत्नी काफी ऊंची आवाज में बात कर रही थी और अमन रो रहे थे। पिता ने जब विवाद सुलझाने का प्रयास किया, तो बहू ने उन्हें कथित तौर पर घर से चले जाने की धमकी दी और पुलिस बुलाकर अंदर करवाने की बात कही।

इसके कुछ देर बाद जब अमन कहीं दिखाई नहीं दिए, तो पिता ने उनके मोबाइल पर कॉल की। फोन की घंटी बाथरूम से आ रही थी, जिसका दरवाजा अंदर से बंद था। जब परिवार ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर अमन अपनी पत्नी की चुन्नी के फंदे से लटके हुए थे। अमन के बहनोई राजेश कुमार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अमन को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि अमन शर्मा की पत्नी खुद भी एक न्यायिक अधिकारी हैं। इसके अलावा, उनकी साली जम्मू में IAS अधिकारी हैं और उनके पति भी पुलिस विभाग में उच्च पद पर तैनात हैं। परिजनों का आरोप है कि इसी रसूख के चलते अमन को लगातार प्रताड़ित और टॉर्चर किया जा रहा था। जब अमन ने यह आत्मघाती कदम उठाया, उस वक्त उनकी साली और चचिया ससुर भी घर में ही मौजूद थे।

पत्नी, बच्चे और ससुराल से कोई नहीं आया

अमन की अंत्येष्टि में ससुराल पक्ष से कोई शामिल नहीं हुआ। उसकी पत्नी, बच्चे भी नहीं आए। राजेश ने बताया कि उसकी पत्नी की कुछ महीने पहले ही डिलीवरी हुई थी। अलवर के 'तीज की श्मशान' घाट पर गमगीन माहौल में अमन का अंतिम संस्कार किया गया। रोते-बिलखते पिता ने अपने जवान बेटे की चिता को मुखाग्नि दी। इस दुखद घड़ी में अमन की पत्नी और उनके दोनों बच्चे (एक 2 साल का और दूसरा 5 महीने का) अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए।

छोटा भाई अभी अस्वस्थ

अमन की एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि उसका छोटा भाई लॉ पढ़ रहा है, लेकिन उसका एक्सीडेंट हो गया था। वह रिकवर कर रहा है, लेकिन अभी पूर्णतया स्वस्थ नहीं हो पाया है। अमन ने वर्ष 2021 में लव मैरिज की थी। दोनों का दिल्ली न्यायिक सेवा में चयन हुआ था और ट्रेनिंग के दौरान ही दोनों को प्यार हुआ। उनकी पत्नी न्यायिक अधिकारी हैं और सोनीपत की रहने वाली हैं।

कानूनी कार्रवाई की मांग

अमन शर्मा ने साल 2018 में सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे से कानून की पढ़ाई की थी और 19 जून, 2021 को वे दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। अक्टूबर 2025 से वे कड़कड़डूमा कोर्ट में जज के पद पर तैनात थे।

अमन के पिता प्रेम कुमार शर्मा ने रुंधे गले से कहा, वह बहुत होनहार था। अभी उसकी 30 साल की नौकरी बची थी, मगर भगवान को यही मंजूर था। जो भी इस मौत का दोषी है, मैं उन्हें छोडूंगा नहीं, उनका इलाज करूंगा।

दिल्ली पुलिस ने अमन का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी बड़ी साजिश के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन घरेलू विवाद और आत्महत्या के उकसावे समेत सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें

जज सुसाइड केस: पिता बोले-जो दोषी है, उन्हें छोडूंगा नहीं, इलाज करूंगा
Published on:
04 May 2026 09:44 am
Also Read
View All