
खैरथल (अलवर)। खैरथल थाना क्षेत्र के ग्राम मातौर में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बस स्टैंड के पास कार में सवार होकर आए बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार सुखमनहेड़ी निवासी वीरेंद्र सिंह राजपूत पर हमलावरों ने कई राउंड फायर किए, जिससे उसे चार गोलियां लगीं। गंभीर घायल अवस्था में उसे तुरंत खैरथल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, युवक को एक गोली पेट में, एक पेट के निचले हिस्से में, एक जांघ में तथा एक गोली दाहिने हाथ के अंगूठे में लगी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी, जिसके चलते इस हमले को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर कार में सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तातारपुर चौराहे की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहम गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी, जिसके चलते इस हमले को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह के निर्देश पर पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। मौके पर किशनगढ़बास के वृत्ताधिकारी लालचंद सहित खैरथल पुलिस का जाप्ता तैनात है। वहीं भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।