20 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota Crime : कोटा के जंगल में मिला युवक का नग्न शव, फैली सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Kota Crime : कोटा के चेचट थाना क्षेत्र के सालेड़ा कलां गांव के जंगलों में शुक्रवार एक युवक कमलेश का कई दिन पुराना शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ। इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

2 min read
Google source verification
Kota Saleda Kalan forest young man Kamlesh naked body found causing a sensation family members suspected murder

शव की सूचना पर पुलिस व अन्य लोग। फोटो पत्रिका

Kota Crime : कोटा के चेचट थाना क्षेत्र के सालेड़ा कलां गांव के जंगलों में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 36 वर्षीय युवक का कई दिन पुराना शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त राईखेड़ा निवासी कमलेश मीणा के रूप में हुई है। मृतक पिछले चार पांच दिनों से लापता था। परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

लावारिस बाइक से खुला राज

जानकारी के अनुसार, मृतक कमलेश मीणा (36 वर्ष) पुत्र भेरूलाल मीणा 17 मार्च से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने पहले ही चेचट थाने में दर्ज करवा रखी थी। शुक्रवार सुबह जब राईखेड़ा निवासी गिरधारी लाल मीणा अपने खेत पर जा रहे थे तो उन्हें वहां रास्ते मे एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी मिली। गिरधारी लाल ने परिजनों को सूचना दी।

ग्रामीणों और परिजनों ने मोटरसाइकिल की पहचान करने के बाद जब आस-पास तलाशी ली गई, तो झाड़ियों में कमलेश का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत 4-5 दिन पहले हुई है। मोटरसाइकिल पर ही मृतक के कपड़े और मोबाइल व अन्य सामान रखे हुए मिले। शव पड़े होने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही चेचट थानाधिकारी सुरेन्द्र गोदारा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगंजमंडी पुलिस उपाधीक्षक घनश्याम मीणा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।

साक्ष्य जुटाने के लिए कोटा से एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने बारीकी से घटनास्थल व आसपास मिले साक्ष्यों का निरीक्षण किया। साथ ही आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

परिजनों का आरोप - सोची-समझी हत्या

मृतक के भाई सुरेश मीणा और अन्य परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में कमलेश की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने ढाबादेह निवासी गीता बंजारा, उसके पति मोरपाल बंजारा व अन्य साथियों पर संदेह जताया है। बताया जा रहा है कि कमलेश को अंतिम बार ढाबादेह में ही देखा गया था।

पेशे से ड्राइवर था कमलेश

मृतक कमलेश पेशे से ड्राइवर था। जो पिछले 8-10 वर्षों से खदान पर डम्पर चलाने का कार्य करता था। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। कमलेश को 5 साल का मासूम बेटा है। जिसके सिर से अब पिता का साया उठ गया।

प्रारम्भिक दृष्टया हत्या का मामला - पुलिस

पुलिस ने मौके पर मेडिकल टीम को बुलाकर शव का पोस्टमार्टम करवाया। डीएसपी घनश्याम मीणा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। परिजनों के जताए गए संदेह के आधार पर नामजद लोगों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

प्रारम्भिक दृष्टया यह एक हत्या लग रही है। इस मामले आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नही जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।