
आज के आधुनिक दौर में भी लोग किस कदर अंधविश्वास के जाल में फंसकर अपनी जिंदगी भर की कमाई गंवा देते हैं, इसका एक हैरान करने वाला मामला खैरथल थाना इलाके में सामने आया है। यहां एक शातिर गिरोह ने एक परिवार के मन में ऐसा डर बैठाया कि उनसे किस्तों में 32 लाख रुपए ऐंठ लिए।
खैरथल थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कथित तांत्रिक राजेंद्र प्रसाद शर्मा (निवासी खैरथल) और दूसरा हरियाणा के नूंह जिले के आंधाकी गांव का रहने वाला मौलवी नूरदीन शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस ठगी का शिकार दांतला रोड निवासी पूजा शर्मा का परिवार हुआ। शातिर ठगों ने परिवार के एक सदस्य की कुंडली और ग्रहों का हवाला देते हुए कहा कि घर पर जिन्न और बहुत खतरनाक भूत-प्रेत का साया है। इतना ही नहीं आरोपियों ने डराते हुए कहा कि अगर जल्द ही तंत्र-मंत्र और विशेष अनुष्ठान नहीं कराया गया, तो परिवार के सदस्य की जान भी जा सकती है। अपने अपनों की जान आफत में देख परिवार बुरी तरह घबरा गया और आरोपियों के झांसे में आ गया।
आरोपियों ने पूजा शर्मा के परिवार को डराकर विशेष पूजा और अनुष्ठान के बहाने हरियाणा बुलाया। वहां अलग-अलग किस्तों और चरणों में कभी पूजा सामग्री तो कभी जिन्न को शांत करने के नाम पर कुल 32 लाख रुपए वसूल लिए। जब काफी समय बाद भी कुछ नहीं बदला और ठगी का अहसास हुआ, तो पीड़िता पूजा शर्मा ने 22 मई को खैरथल थाने में मामला दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई और हरियाणा व खैरथल के विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 23 जून को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब उनसे यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने इस रकम को कहां छुपाया है। इस मामले का तीसरा आरोपी आबिद मौलवी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं।