
प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ कार्यक्रम (फोटो - पत्रिका)
अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में आज 'सुंदर सिंह भंडारी व्याख्यान माला और प्रदेश स्तरीय विशिष्ट जन सम्मान समारोह' का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया और राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी विशेष रूप से अलवर आए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक शंकरलाल भी इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। इन बड़े दिग्गजों के आगमन से पूरे अलवर शहर और राजनीतिक हलकों में खासी चहल-पहल देखने को मिली।
कार्यक्रम के संयोजक महावीर उपाध्याय (थानागाजी) ने बताया कि इस प्रदेश स्तरीय समारोह का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को पहचान देना था, जिन्होंने चुपचाप रहकर समाज को बदलने का काम किया है। समारोह के दौरान पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से सामाजिक जीवन, संगठन निर्माण और अलग-अलग क्षेत्रों में अपना जीवन समर्पित करने वाले 19 विशिष्ट और अनुभवी व्यक्तियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष के हाथों सम्मान पाकर इन विभूतियों के चेहरे खिल उठे और पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में उपस्थित इन सामाजिक विभूतियों के कार्यों से आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष जैसी वीवीआईपी (VVIP) हस्तियां शामिल होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। सोमवार शाम को ही सुरक्षा घेरे में लगी स्पेशल टीम ने प्रताप ऑडिटोरियम का बारीकी से निरीक्षण किया था। आज कार्यक्रम के दौरान भी पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद दिखीं। ट्रैफिक से लेकर ऑडिटोरियम के चप्पे-चप्पे पर कड़ी नजर रखी गई ताकि वीवीआईपी मूवमेंट में कोई बाधा न आए।
इस भव्य प्रदेश स्तरीय समारोह में केवल अलवर ही नहीं बल्कि राजस्थान के कई जिलों से जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध जन शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुंदर सिंह भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष और उदयपुर शहर के विधायक ताराचंद जैन, कोषाध्यक्ष कुंतीलाल जैन और ट्रस्ट के महामंत्री उमाशंकर शर्मा सहित कई अन्य पदाधिकारियों की मुख्य भूमिका रही। मुख्य वक्ता शंकरलाल ने अपने संबोधन में सुंदर सिंह भंडारी के जीवन आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला, जिसे सुनकर हॉल में मौजूद सभी लोग प्रेरित नजर आए।
Updated on:
23 Jun 2026 01:52 pm
Published on:
23 Jun 2026 01:52 pm
