अलवर

Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान के मंत्री किरोड़ीलाल मीणा की ब​हन पहली बार बनी सरपंच, जानें कितने वोटों से मिली जीत?

राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की छोटी बहन ममता मीणा ने सरपंच पद पर जीत दर्ज की। ममता मीणा ने पहली बार सरपंच का चुनाव लड़ा और पहली बार में जीत हासिल की। उनकी जीत के बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 12:42 PM IST
mamta meena-Kirodi Lal Meena
ममता मीणा व मंत्री किरोड़ीलाल मीणा। फोटो: पत्रिका

अलवर। अलवर जिले की रामपुरा ग्राम पंचायत से कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की छोटी बहन ममता मीणा ने सरपंच पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने 261 मतों के अंतर से जीत हासिल की। यहां दो प्रत्याशी मैदान में थे, ममता मीणा पहली बार सरपंच चुनी गई हैं। उनकी जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पंचायत चुनाव में मिली इस जीत को लेकर सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। बता दें कि खेरली-सौखर पंचायत समिति क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों में घोषित चुनाव परिणामों के साथ ही गांवों की नई सरकार की तस्वीर साफ हो गई है।

शनिवार को मतदान के बाद देर रात से मतगणना के परिणाम आने शुरू हुए, जबकि बड़ी ग्राम पंचायतों के नतीजे रविवार सुबह तक जारी हो पाए। परिणाम घोषित होने के साथ ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई गांवों में समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। अब नवनिर्वाचित सरपंचों के सामने गांवों में विकास कार्यों को गति देने, मूलभूत सुविधाओं में सुधार करने और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी होगी।

जानिए कहां से कौन बना सरपंच?

अलवर जिले की समूची ग्राम पंचायत में अंजली चौहान ने 1387 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर पूरे क्षेत्र में सबसे बड़ी जीत हासिल की। वहीं, खेरली रेल ग्राम पंचायत में प्रशांतसिंह ने लगातार दूसरी बार सरपंच निर्वाचित होकर अपना दबदबा कायम रखा। यहां जीत का अंतर 182 मत रहा। रामपुरा ग्राम पंचायत में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की बहन ममता मीणा ने भी जीत दर्ज की। सौखर ग्राम पंचायत से हेमराज 757 मतों के अंतर से विजयी रहे। दांतिया में खुशबू सिसोदिया ने 563 मतों से, लाठकी नूनिया में शालिनी जाटव ने 525 मतों से तथा ढहरीन दातवाड़ लीली देवी ने 518 मतों से जीत हासिल की। खेड़ा कल्याणपुर में हेमराज मीणा 487 मतों से और सौखरी में रमा देवी 411 मतों से विजयी रहीं। नाटौज में ज्योति मीणा ने 305 मतों से, घोसराना में मंगल राम मास्टर ने 280 मतों से तथा डौरोली में संतोष सैनी ने 274 मतों से जीत दर्ज की। रामपुरा में ममता मीणा और मंगोलाकी में देवेन्द्र जाटव ने 261-261 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

इसी प्रकार सालवाड़ी ग्राम पंचायत से विष्णु शर्मा 235 मतों से, पीपलखेड़ा से मुनेश मीणा 189 मतों से, पीतमपुरा से सपना यादव 182 मतों से, मक्खन का नगला से महेंद्र धवन 124 मतों से तथा दारौदा से सतीश शर्मा 112 मतों से विजयी रहे। गारू में आरती खंडेलवाल ने 74 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। कटैहड़ा में जगदीश मीणा और सहजपुरा में रेखा कुमारी 35-35 मतों से विजयी हुए, जबकि खौखर में सुमित्रा और बहरामपुर में वीरवती ने 34-34 मतों के अंतर से जीत हासिल की। रामपुरा-पाटन ग्राम पंचायत से वीणा देवी 251 मतों से विजयी रहीं।