
Alwar : धरना स्थल पर ग्रामीणों की समझाइश करते कठूमर वृत्ताधिकारी जोगेन्द्र सिंह राजावत। फोटो पत्रिका
Alwar : खेरली (अलवर). गारू ग्राम पंचायत में शनिवार को पंच-सरपंच चुनाव के बाद वार्ड संख्या 13 के वार्ड पंच पद की मतगणना को लेकर हंगामा हो गया। मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए प्रत्याशियों और ग्रामीणों ने पुनर्मतगणना की मांग को लेकर सरकारी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रशासन ने दोबारा मतगणना कराई, जिसमें छह मतों से हारी रामदेई सैनी पत्नी मेघश्याम सैनी ने 44 मतों से जीत दर्ज की। परिणाम बदलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मतदान के बाद मतगणना शुरू हुई। वार्ड संख्या 13 में वार्ड पंच पद के लिए लक्ष्मी पत्नी राजेंद्र चौधरी को छह मतों से विजयी घोषित किया गया था। वहीं, सरपंच पद की मतगणना देर रात तक चलती रही। रात करीब एक बजे तक मतगणना होने से ग्रामीणों और प्रत्याशियों में परिणाम को लेकर असमंजस बना रहा।
रविवार सुबह करीब छह बजे वार्ड पंच प्रत्याशी रामदेई सैनी के पति मेघश्याम सैनी ग्रामीणों के साथ मतदान केंद्र बने सरकारी स्कूल पहुंचे और वार्ड संख्या 13 की दोबारा मतगणना की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर कठूमर वृत्ताधिकारी जोगेंद्र सिंह राजावत, उपखंड अधिकारी श्यामसुंदर चेतीवाल और थानाधिकारी विजय चंदेल मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश की, लेकिन ग्रामीण पुनर्मतगणना की मांग पर अड़े रहे। इस पर उपखंड अधिकारी ने ग्रामीणों से पुनर्मतगणना के लिए उचित आधार बताने को कहा। इस पर वार्ड पंच पद के चारों प्रत्याशियों ने बताया कि वार्ड में कुल 377 मत थे, जिनमें से 337 मतदाताओं ने मतदान किया था, लेकिन मतगणना के दौरान केवल 287 मतों की ही गिनती हो पाई। इस अंतर को लेकर प्रत्याशियों ने मतगणना पर सवाल उठाते हुए दोबारा गिनती कराने की मांग की।
ग्रामीणों की मांग और प्रस्तुत तथ्यों के बाद उपखंड अधिकारी के निर्देश पर रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वार्ड संख्या 13 में पुनर्मतगणना कराई गई। इसमें परिणाम पूरी तरह बदल गया। शनिवार रात छह मतों से पराजित घोषित की गई रामदेई सैनी पत्नी मेघश्याम सैनी ने 44 मतों से जीत हासिल की। इसके बाद मौके पर चल रहा धरना समाप्त हो गया और ग्रामीण वापस लौट गए।
Updated on:
25 Oct 2026, 5:54 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 5:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.