अलवर

Kotputli-Behror Accident: जयपुर-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा, डंपर से भिड़ी कार, शादी से लौट रहे 3 युवकों की मौत, 2 घायल

Kotputli-Behror Accident: कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहरोड़ में दहमी पुलिया के पास एक कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:39 PM IST
Kotputli-Behror Accident
हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार (फोटो - पत्रिका)

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहरोड़ में दहमी पुलिया के पास एक कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। पांचों युवक भगवाड़ी गांव में अपने चाचा के बेटों अजय और संजय प्रजापत की शादी में शामिल होने के बाद कार से अपने गांव भुंडनवाड़ा कलां लौट रहे थे। कार में देवेंद्र कुमार (24), हेमंत कुमार (25), हरीश कुमार (27), हर्ष कुमार और साहिल कुमार सवार थे। कार हरीश कुमार चला रहा था।

मृतक देवेंद्र के भाई सचिन ने बताया कि सभी युवक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बहरोड़ में दहमी पुलिया से नीचे उतरते समय उनकी कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। आरोप है कि डंपर चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बिना ब्रेक लाइट या इंडिकेटर का संकेत दिए अचानक सड़क के बीच में डंपर रोक दिया। इससे पीछे आ रही कार चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार सीधे डंपर से जा भिड़ी।

दो युवकों ने अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हादसे के बाद कार में सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पार्क अस्पताल बहरोड़ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने देवेंद्र कुमार और हेमंत कुमार को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर हालत में घायल हरीश कुमार को अलवर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। इस तरह हादसे में तीन युवकों की जान चली गई।

दो युवक गंभीर हालत में भर्ती

हादसे में घायल हर्ष कुमार को निम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि साहिल कुमार का नीमराना के सतीश अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है। एक ही कार में सवार पांच दोस्तों के साथ हुए इस हादसे से परिवारों में शोक का माहौल है।

पुलिस ने डंपर जब्त किया

सब इंस्पेक्टर सुबे सिंह ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, परिवादी ने डंपर चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसने कानूनी कार्रवाई करने और मृतकों का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Updated on:
25 Nov 2026, 12:39 PM IST
Published on: