अलवर

महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, चूल्हे पर दाल-रोटी बनाई, खाली थाली बजाकर आक्रोश जताया

हिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर व उल्टा गैस चूल्हा रखकर परम्परागत मिट्टी के चूल्हे पर लकड़ियों और ऊपलों से दाल-रोटी बनाकर बनाई व नारेबाजी कर आक्रोश व्यक्त किया।

2 min read
Jul 10, 2021
Mahila Congress Protest Against LPG Price Hike In Alwar
महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, चूल्हे पर दाल-रोटी बनाई, खाली थाली बजाकर आक्रोश जताया

अलवर. देश में एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस की ओर से शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला कांग्रेस की ओर से अलवर शहर व बालेटा में प्रदर्शन किया गया। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी का हस्ताक्षर अभियान जारी रहा। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर व उल्टा गैस चूल्हा रखकर परम्परागत मिट्टी के चूल्हे पर लकड़ियों और ऊपलों से दाल-रोटी बनाकर बनाई व नारेबाजी कर आक्रोश व्यक्त किया। विरोध प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव नीतू वर्मा सोईन, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रहना रयाज चिश्ती भी शामिल हुई।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने क़रीब 1 साल से अधिक समय से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा की वेबसाइट बन्द कर निःशुल्क राशन प्राप्त करने के लिए पात्र लोगों को उनके हकों से वंचित कर दिया है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी ने बताया कि भवानी तोप चौराहे पर स्थित पेट्रोल पम्प से मालवीय नगर स्थित गैस एजेंसी तक महिला कार्यकर्ताओं ने आम आदमी की खाली हुई थाली को चम्मच से बजा कर भाजपा की केन्द्र सरकार को जगाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया गया। कलाकार मोहन यदुवंशी और उनके समूह ने महंगाई डायन खाए जात है आदि गीतों के माध्यम से विरोध किया। श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि देश में भारी संख्या में परिवार बेरोजगारी और महंगाई के कारण मुश्किल से जीवन यापन कर रहे हैं। सरकार को पेट्रोल-डीजल व एलपीजी के दाम कम करने चाहिए। कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक साफिया खान, प्रदेश उपाध्यक्ष सावित्री नरेन्द्र मीणा, जीतकौर सांगवान, विमला शर्मा , सुनीता राजकुमार शर्मा ,बबीता दिल्लीवाल आदि महिलाएं उपस्थित रहीं।

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के विरोध में हस्ताक्षर अभियान जारी

इधर, जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के विरोध में हस्ताक्षर अभियान शनिवार को भी जारी रहा। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर चलाए गए अभियान में 1200 लोगों ने पेट्रोलियम के दामों में वृद्धि के विरोध में हस्ताक्षर किए। इस कार्यक्रम में कार्यकारी जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा, राजेन्द्र गंडूरा, अजीत यादव, रूपनारायण शर्मा, गफूर खान, गोपालदास खटीक, डॉ गौरव यादव आदि उपस्थित रहे।

Published on:
10 Jul 2021 10:32 pm