अलवर

Matsya University Exam Update: सेमेस्टर परीक्षाओं से पहले होंगे प्रैक्टिकल, जानें आवेदन की अंतिम तिथि

राजर्षि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम में देरी रोकने के लिए परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है। अब स्नातक की लिखित परीक्षाओं से पहले प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जाएंगी। प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं जनवरी के दूसरे सप्ताह में होने की संभावना है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 11:50 AM IST
matsya university
RRBMU (file photo)

राजर्षि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। यूनिवर्सिटी ने परीक्षा परिणाम में होने वाली देरी को रोकने के लिए परीक्षा व्यवस्था में अहम बदलाव किया है। विश्वविद्यालय इस बार सेमेस्टर परीक्षाओं का परिणाम समय पर जारी करने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब बीए, बीएससी और बीकॉम सहित अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर परीक्षाओं से पहले प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी।

पिछले सेमेस्टर में लिखित परीक्षाएं पहले और प्रायोगिक परीक्षाएं बाद में हुई थीं। इस वजह से सभी परीक्षाओं की प्रक्रिया पूरी होने और परिणाम जारी करने में देरी हुई थी। इसी समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय ने इस बार प्रायोगिक परीक्षाओं को पहले कराने की योजना बनाई है।

विश्वविद्यालय की ओर से प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं जनवरी के दूसरे सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है। इसमें बीए, बीएससी और बीकॉम के प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं बीबीए और बीसीए के प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं भी होंगी।

26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क भरें फॉर्म

विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। नियमित, पूर्व और गैर महाविद्यालय परीक्षार्थी 16 नवंबर से परीक्षा फॉर्म भर रहे हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की गई है।

विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से जमा करना होगा। भुगतान करने के बाद 24 घंटे के भीतर पोर्टल पर पेमेंट का सत्यापन करना जरूरी है। परीक्षा आवेदन की हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित महाविद्यालय में जमा करानी होगी।

दो चरणों में मिलेगा विलंब शुल्क के साथ मौका

जो विद्यार्थी निर्धारित तारीख तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें विलंब शुल्क के साथ भी फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा। इसके तहत 27 से 30 नवंबर तक 100 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। वहीं 1 और 2 दिसंबर को 500 रुपए विलंब शुल्क देकर फॉर्म भरने का मौका मिलेगा।

परीक्षा फॉर्म के लिए एबीसी आईडी जरूरी

परीक्षा फॉर्म भरने के लिए विद्यार्थियों को एबीसी आईडी दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और आधार नंबर भी देना होगा। नियमित विद्यार्थियों के लिए सतत मूल्यांकन में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक और 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी रखी गई है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय के परीक्षा पोर्टल https://erp.univindia.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Updated on:
17 Nov 2026, 11:50 AM IST
Published on: