
अलवर. फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में नए शोध, आधुनिक इलाज और तकनीकों को लेकर अलवर में राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। अलवर एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट और लॉर्ड्स यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में 14 और 15 नवंबर को नेशनल अलवर फिजियोकॉन 2026 सीजन-2 होगा। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों से फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, शोधकर्ता और विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर को प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष और लॉर्ड्स स्कूल ऑफ फिजियोथेरेपी के डीन डॉ. सचिन अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में हो रहे नए वैज्ञानिक शोध, आधुनिक उपचार तकनीकों और विशेषज्ञों के अनुभवों को एक राष्ट्रीय मंच पर लाना है। इससे विद्यार्थियों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी नई जानकारियां मिलेंगी।
आयोजन के पहले दिन 14 नवंबर को ऑनलाइन और हाइब्रिड मोड में वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें पीएचडी शोधार्थियों के साथ बीपीटी और एमपीटी के विद्यार्थी अपने शोधपत्र, एब्स्ट्रैक्ट और पोस्टर प्रस्तुत करेंगे। इन सत्रों में फिजियोथेरेपी से जुड़े नए शोध और उपचार के तरीकों पर चर्चा होगी।
15 नवंबर को मुख्य सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव करेंगे। इस दौरान राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय शर्मा और अलवर महापौर सुमनलता अजय अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। देशभर से आए विशेषज्ञ आधुनिक उपचार पद्धतियों, नए अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपी की भूमिका पर व्याख्यान देंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
सम्मेलन के दूसरे दिन दोपहर बाद सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले देशभर के विशेषज्ञों को राष्ट्रीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इन पुरस्कारों के लिए अकादमिक, क्लिनिकल, अनुसंधान और सामाजिक स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशेषज्ञों का चयन किया गया है।
डॉ. सचिन अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन के जरिए अलवर को फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में राष्ट्रीय अकादमिक और वैज्ञानिक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सम्मेलन को आने वाले वर्षों में एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच के रूप में विकसित करने की योजना है।