अलवर

Neemrana Crime: नीमराणा के निजी स्कूल में गार्ड की बेरहमी से हत्या, जांच में जुटी पुलिस

राजस्थान के नीमराणा स्थित जापानी औद्योगिक क्षेत्र के होली चाइल्ड स्कूल में 50 वर्षीय गार्ड सुभाष सैन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

2 min read
Jun 09, 2026
neemrana holy child school
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व मृतक सुभाष सैन (इनसेट में) - फोटो पत्रिका

नीमराणा के होली चाइल्ड स्कूल से सुबह-सुबह एक ऐसी खबर आई जिसने सबको चौंका दिया। स्कूल के गेट पर मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी करने वाले सुरक्षा गार्ड सुभाष सैन (50) का लहूलुहान शव मंगलवार सुबह स्कूल परिसर में मिला। जब सुबह स्कूल का स्टाफ पंहुचा, तो गेट पर सुभाष को इस हालत में देखकर उनके होश उड़ गए। स्टाफ ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस को इस मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही नीमराणा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस घटना को देखकर आशंका है कि सुभाष के सिर पर किसी भारी वस्तु या लोहे की रॉड से हमला किया गया है, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक टीम (FSL) को मौके पर बुलाया ताकि घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य जरूरी सबूत जुटाए जा सकें। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नीमराणा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है।

जांच में आ रही हैं बड़ी चुनौतियां

पुलिस जब इस मामले की गहराई में उतरी, तो उसके सामने कई तकनीकी दिक्कत खड़ी हो गईं। जानकारी के मुताबिक स्कूल के मेन गेट पर जो सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगे थे, वे काफी समय से खराब पड़े थे। कैमरों के बंद होने की वजह से पुलिस को रात की फुटेज नहीं मिल पाई है, जो आरोपियों तक पहुंचने का सबसे बड़ा जरिया बन सकती थी।


माली और उसकी पत्नी पर गहराया शक

सीसीटीवी भले ही बंद हो, लेकिन पुलिस की तफ्तीश में एक बड़ा एंगल सामने आया है। स्कूल के ही कुछ लोगों से पूछताछ में पता चला है कि मृतक गार्ड सुभाष का स्कूल में काम करने वाले एक माली और उसकी पत्नी के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की इस वारदात के बाद से ही वह माली और उसकी पत्नी स्कूल परिसर से अचानक गायब हैं। पुलिस ने अब इस दिशा में अपनी जांच तेज कर दी है और दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं।

घटनास्थल पर परिजन व ग्रामीण पहुंचे


परिजनों और ग्रामीणों का हंगामा

इस घटना के बाद मृतक के भूंगड़ा अहीर निवासी परिवारजन और गांव के लोग भारी संख्या में स्कूल के गेट पर इकट्ठा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने जल्दबाजी दिखाते हुए शव को मौके से हटाकर मोर्चरी भेज दिया। परिजनों की मांग है कि मामले की पूरी तरह निष्पक्ष जांच हो और हत्यारों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर एंगल से मामले को देख रहे हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य गवाहों के बयानों के आधार पर कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस ने जल्द ही इस पूरी वारदात का खुलासा करने का दावा किया है।

Updated on:
09 Jun 2026 12:01 pm
Published on:
09 Jun 2026 11:42 am