अलवर शहर के विनय शर्मा ने नीट 2020 में देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया है। वे अभी दौसा में रह रहे हैं।
अलवर. मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित मेडिकल परीक्षा नीट 2020 के परिणाम में अलवर शहर के विनीत शर्मा ने 99.99 परसेंटाइल लाकर देशभर में चौथा और राजस्थान में पहला स्थान हासिल किया है। विनीत को 720 में से 715 अंक मिले हैं। यह इस साल दूसरे सर्वश्रेष्ठ अंक हैं। पत्रिका से बात करते हुए विनीत ने कहा कि कामयाबी का कोई शॉर्टकट नहीं है, सफलता के लिए निरंतरता सबसे जरूरी है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। अभी वे परिवार के साथ दौसा में रह रहे हैं। वहीं मेहनत कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
सोशल मीडिया से दूर रहें और लगातार मेहनत करें
नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विनीत ने कहा कि अगर लक्ष्य निर्धारित कर लिया है तो सोशल मीडिया से दूर रहकर लगातार मेहनत करें। विनीत ने 12वीं बोर्ड में भी 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। वे नीट परीक्षा के लिए नियमित 6 से 8 घंटे पढ़ते थे। उन्होंने बताया कि टेस्ट सीरीज में उनके 710 अंक तक आते थे, मुख्य परीक्षा में 715 अंक आए तो खुशी हुई। वे न्यूरो सर्जन बनना चाहते हैं। उनके पिता अजय कुमार शर्मा अकाउंटेंट और माता सुमन शर्मा शिक्षिका हैं।
एक ही गांव के दो युवाओं का चयन
अलवर. नीट 2020 परीक्षा परिणाम में मुंडावर क्षेत्र के दो युवाओं ने सफलता प्राप्त की है। हाड़ाहेडी गांव के पुष्पेंद्र यादव ने 671 अंक के साथ 1129वीं रैंक और विनय यादव ने 652 अंक के साथ 3441वीं रैंक हासिल की है। दोनों ने सफलता कस श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को दिया है। दोनों के चयन के बाद गांव में ख़ुशी का माहौल है।
नितिन ने प्राप्त किए 655 अंक
अलवर शहर निवासी नितिन किरोड़ीवाल ने नीट 2020 परीक्षा परिणाम में 655 अंक के साथ 3036वीं रैंक प्राप्त की है। उनके पिता विष्णु सैनी ने बताया कि नितिन कोटा में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। वे अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हैं।