अलवर

तमाम विवादों के बाद आखिरकार अलवर नगर परिषद आयुक्त का हो गया तबादला, अब यह होंगे नए आयुक्त

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Aug 01, 2018
New commissioner of alwar nagar parishad ramkishor meena
तमाम विवादों के बाद आखिरकार अलवर नगर परिषद आयुक्त का हो गया तबादला, अब यह होंगे नए आयुक्त

नगर परिषद अलवर बोर्ड के वर्तमान कार्यकाल में अब 14 वें आयुक्त कामकाज संभालेंगे। राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को जारी आरएएस अधिकारियों की सूची में अलवर नगर परिषद में अब रामकिशोर मीणा को आयुक्त पद पर लगाया गया है। नगर परिषद अलवर के वर्तमान बोर्ड के कार्यकाल का करीब साढ़े तीन साल का समय बीता है, इस दौरान अब तक 13 आयुक्त बदल चुके हैं। इनमें कई आयुक्त तो एक महीने का भी समय पूरा नहीं कर पाए। वहीं कुछ ही आयुक्त मुश्किल से छह महीने का समय बीता पाए हैं।

निवर्तमान आयुक्त संजय शर्मा भी का कार्यकाल भी मुश्किल से 6-7 महीने रह पाया है। इस दौरान वे सफाई कर्मियों की भर्ती के दौरान कई बार मेडिकल अवकाश पर कई बार सामान्य अवकाश पर रह चुके हैं। इसके अलावा तीन बार तो आयुक्त का कार्यभार एडीएम सिटी को देना पड़ा। वहीं एक बार परिषद के एक्सईएन भी आयुक्त पद का कार्यभार संभाल चुके हैं।

नगर परिषद में बार-बार आयुक्त बदलने का सीधा असर शहर में जनसमस्याओं के निराकरण व विकास कार्यों पर पड़ रहा है। निवर्तमान आयुक्त शर्मा के तबादले के लिए खुद सभापति अशोक खन्ना ने कई बार सरकार के मंत्री तक अर्जी भेजी है। पिछले दिनों पार्षद व आयुक्त के विवाद के बाद यह मामला तूल पकड़ता ही गया। उसके बाद अब आयुक्त संजय शर्मा का तबादला कर दिया।

संजय शर्मा भाजपा के प्रदेश मंत्री बने

अलवर. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने प्रदेश कार्यकारिणी में अलवर जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संजय शर्मा को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। शर्मा वर्तमान में जयपुर देहात के जिला संगठन प्रभारी भी हैं।

अब सेंगवा होंगे अलवर एडीएम सिटी

अलवर. अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर पद पर अरविंद सेंगवा को लगाया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी सूची में सेंगवा को अलवर एडीएम सिटी लगाया है। वहीं अब तक इस पद पर कार्यरत महेन्द्र मीणा को रजिस्ट्रार वद्र्धमान विश्वविद्यालय कोटा लगाया है। इसके अलावा रामकिशोर मीणा को आयुक्त नगर परिषद अलवर, दीपाली भागोतिया को एसडीओ लक्ष्मणगढ़ व महेन्द्रसिंह यादव को एसडीओ किशनगढ़बास लगाया गया है।

Published on:
01 Aug 2018 10:15 am