
अलवर में मंगलवार को पांडूपोल हनुमानजी के मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह नजर आ रहा है। शहर के अलग-अलग हनुमान मंदिरों में दिनभर धार्मिक कार्यक्रम चल रहे हैं। कई मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। मंदिरों में भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पांडूपोल हनुमानजी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। साथ ही कई मंदिरों में सेल्फी पॉइंट्स भी बनाए गए हैं।
पांडूपोल मेले के अवसर पर मंगलवार को शहर के कई घरों में बाबा की ज्योत प्रज्वलित की जा रही है। श्रद्धालु घरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। वहीं मंदिरों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ के साथ भजन-कीर्तन चल रहे हैं। कई मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
नंगली चौराहा के समीप तारघर वाले हनुमान मंदिर में सुबह 9 बजे राम नाम गुणगान शुरू हो रहा है। इसके बाद 101 किलो लड्डुओं का भोग लगाया जा रहा है। दोपहर 3 बजे महिलाओं की ओर से भजन-कीर्तन किया जा रहा है। शाम को केसर खीर, छोले-चावल और आइसक्रीम का प्रसाद वितरित किया जाएगा। रात 8 बजे सुंदरकांड का पाठ होगा।
जयपुर रोड स्थित बेनामी संप्रदाय आश्रम भूरासिद्ध के बारां हनुमान मंदिर नया वाला में मंगलवार सुबह मंगल आरती, हवन-यज्ञ और विशेष पूजन चल रहा है। अभिजीत मुहूर्त में हनुमानजी को भोग लगाया जा रहा है, जिसके बाद भंडारा शुरू होगा। मेले को लेकर मंदिर में विशेष साफ-सफाई कर आकर्षक सजावट की गई है। सोमवार को हनुमानजी को रामनाम का चोला चढ़ाया गया और भजन-सत्संग हुआ।
बजाजा बाजार स्थित दक्षिणमुखी हनुमानजी महाराज चमत्कारी मंदिर में मंगलवार शाम सुंदरकांड का पाठ होगा। इसके बाद भजन संध्या होगी। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
प्राचीन भूरासिद्ध हनुमान मंदिर में भी मंगलवार को मेला भर रहा है। मंदिर के मुख्य सेवक पंडित धर्मवीर शर्मा के अनुसार दोपहर 1 से 3 बजे तक प्रसाद वितरण किया जा रहा है। इसके बाद भजन-कीर्तन होंगे और शाम 7 बजे विशेष महाआरती होगी।
अलवर में मोतीडूंगरी के ऊपर स्थित संकटमोचन वीर हनुमान मंदिर में मंगलवार को हनुमानजी को नया चोला धारण कराया जा रहा है। विशेष श्रृंगार कर आकर्षक झांकी सजाई जा रही है। रात 8 बजे सुंदरकांड का पाठ होगा।
इसके अलावा बाग वाले हनुमानजी, बगीची वाले हनुमानजी, किशनकुंड स्थित पंचमुखी हनुमानजी, भगतसिंह पर बीए पास हनुमानजी सहित शहर के अन्य हनुमान मंदिरों में भी मंगलवार को धार्मिक कार्यक्रम चल रहे हैं।