अलवर

Rajasthan Sarpanch Election: राजस्थान के इस गांव में पति-पत्नी और पिता-पुत्र ने आजमाई किस्मत, जानें कौन बना नया सरपंच

Alwar Sarpanch Election: राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण में अलवर जिले की उमरैण पंचायत समिति की ग्राम पंचायत साहोड़ी में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। यहां सरपंच पद के चुनाव में पति-पत्नी और पिता-पुत्र एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में थे।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 8:17 AM IST
Sahodi Sarpanch Election
पत्नी ललता, पति विजय, पिता जितेंद्र व बेटा शिवराम। फोटो: पत्रिका

अलवर। राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण में अलवर जिले की उमरैण पंचायत समिति की ग्राम पंचायत साहोड़ी में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। यहां सरपंच पद के चुनाव में पति-पत्नी और पिता-पुत्र एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में थे। हालांकि, मतदाताओं ने चारों को ही नकार दिया। चुनाव में महेंद्र ने जीत दर्ज कर सरपंच की कुर्सी हासिल की। ग्राम पंचायत साहोड़ी में सोमवार को सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान के बाद देर रात करीब 11.30 बजे चुनाव परिणाम घोषित किए गए।

सरपंच पद पर महेंद्र ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विजय सिंह को 34 मतों से शिकस्त दी। महेंद्र को कुल 1150 वोट मिले, जबकि विजय सिंह के खाते में 1116 मत आए। तीसरे प्रत्याशी जितेंद्र को 940 वोट मिले। इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा रिश्तेदारों के बीच हुए मुकाबले की रही। सरपंच पद के लिए विजय सिंह की पत्नी ललता देवी भी चुनाव मैदान में थीं। वहीं जितेंद्र के बेटे शिवकुमार ने भी अपने पिता के खिलाफ ताल ठोकी थी।

महेंद्र बने नए सरपंच। फोटो: पत्रिका

हालांकि, दोनों को मतदाताओं का बेहद कम समर्थन मिला। ललता देवी को महज 5 वोट मिले, जबकि शिवकुमार को सिर्फ 2 मत प्राप्त हुए। इस तरह पति-पत्नी और पिता-पुत्र दोनों ही जोड़ियों को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में कुल 3277 मत पड़े। इनमें 5 वोट नोटा के खाते में गए, जबकि 59 मत निरस्त घोषित किए गए। मतदान के दौरान ग्राम पंचायत में 84.52 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।

पहले 30 अक्टूबर को होना था चुनाव

मतदान के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने सुबह घरेलू कामकाज निपटाने के बाद मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद ग्रामीण अशरफ को परिजन खाट पर बैठाकर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। वहीं दिव्यांग शिवशंकर शुक्ला व्हीलचेयर के जरिए मतदान करने पहुंचे। जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला ने भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गौरतलब है कि साहोड़ी ग्राम पंचायत में सरपंच एवं पंच पदों के लिए पहले 30 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित था, लेकिन एक नामांकन पत्र निरस्त होने और अन्य प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के कारण चुनाव नहीं हो सके थे। इसके बाद सोमवार को दोबारा चुनाव करवाए गए।

Updated on:
17 Nov 2026, 8:17 AM IST
Published on: