अलवर के राजर्षि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय (RRBMU) के विद्यार्थियों के लिए कल का दिन बेहद खास होने वाला है। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के लिए राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े कल अलवर पहुंच रहे हैं। उनके साथ उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा और कई दिग्गज नेता भी इस गौरवमयी समारोह का हिस्सा बनेंगे।
राजर्षि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह कल यानी 9 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े शामिल होंगे। राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के होनहार छात्र-छात्राओं को उपाधियां और स्वर्ण पदक (Gold Medals) प्रदान किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े कल सुबह 11:05 बजे हेलीकॉप्टर के से अलवर आएंगे। हेलीपैड पर जिला प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा, जिसके पश्चात वे सीधे शहर के प्रताप ऑडिटोरियम के लिए रवाना होंगे। ऑडिटोरियम में ही दीक्षांत समारोह का मुख्य आयोजन होगा, यहां राज्यपाल अकादमिक सत्र के सफल विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे और उन्हें डिग्रियां प्रदान करेंगे।
दीक्षांत समारोह की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रदेश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहेंगी। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा, विशिष्ट अतिथि वन राज्य मंत्री संजय शर्मा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद रहेंगे। इनके अलावा, विश्वविद्यालय की एकेडमिक काउंसिल के सदस्य और विभिन्न समितियों के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
समारोह में किसी प्रकार की गलती नहीं हो इसके लिए बुधवार को प्रताप ऑडिटोरियम में रिहर्सल की गई। इस दौरान विवि प्रशासन ने उन सभी विद्यार्थियों को प्रोटोकॉल समझाया जिन्हें पदक और उपाधियां मिलनी हैं। मंच पर बैठने के क्रम से लेकर पदक प्राप्त करने की प्रक्रिया तक का बारीकी से अभ्यास किया गया। कुलपति और रजिस्ट्रार ने स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया ताकि समारोह के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
राज्यपाल के प्रोटोकॉल और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम समन्वय की जिम्मेदारी जिले के 7 वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहेगा और बिना अनुमति प्रवेश वर्जित होगा। इस दीक्षांत समारोह को लेकर न केवल विद्यार्थियों में बल्कि उनके अभिभावकों में भी खासा उत्साह बना हुआ है, क्योंकि मेधावी विद्यार्थियों की मेहनत को राज्यपाल के हाथों सम्मान मिलने जा रहा है।