अलवर

राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव से पहले सौगात: NFSA से जुड़े हजारों नए परिवारों को भी 450 रुपए में मिलेगा सिलेंडर

एनएफएसए से जुड़े नए परिवारों को भी उज्ज्वला योजना की तरह 450 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। राजस्थान सरकार अपनी चुनावी घोषणा को अमल में लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पात्र उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का अनुदान सीधे डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में भेजा जाएगा।
2 min read
Aug 01, 2026
LPG gas cylinder: रसोई गैस सिलेंडर लीकेज की शिकायतें (Photo Source - Patrika)
LPG gas cylinder: रसोई गैस सिलेंडर लीकेज की शिकायतें (Photo Source - Patrika)

अलवर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) से जुड़े नए परिवारों को भी अब उज्ज्वला योजना की तरह जल्द ही 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर मिलने जा रहा है। राजस्थान सरकार अपनी चुनावी घोषणा को अमल में लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का अनुदान सीधे डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में भेजा जाएगा। जिला रसद विभाग ने इसकी जिम्मेदारी राशन डीलर्स को दी है ताकि वह इन परिवारों की एलपीजी आइडी मैप कर दें। यह आइडी 14 अंकों की है।

केंद्र सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर मुहैया करा रही है। उसी तर्ज पर अब प्रदेश सरकार भी एनएफएसए के नए लाभार्थियों को यह लाभ देने की तैयारी में है। अलवर जिले में खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों की संख्या 13 लाख 68 हजार 31 है। इनमें परिवारों की संख्या 3 लाख 9 हजार 961 है। इनमें 2 लाख 1 हजार 992 को उज्ज्वला योजना का लाभ मिल रहा है। बाकी नए परिवार 1 लाख 60 हजार 967 हैं।

ई-केवाईसी भी सभी को कराना जरूरी

इन परिवारों से जिला रसद विभाग ने कहा है कि वह आपनी एलपीजी आइडी लेकर राशन डीलर के पास जाएं और उसे खाद्य सुरक्षा मिशन के कार्ड से मैप करा लें। जैसे ही मैपिंग शुरू होगी, तो सिलेंडर की बुकिंग के दौरान ओटीपी आएगा और उसके बाद सिलेंडर बुक हो जाएगा।

सिलेंडर की राशि पूर्व की तरह ही रहेगी लेकिन लाभार्थियों को अनुदान मिलेगा, जिससे गैस सिलेंडर 450 रुपए में ही पड़ेगा। विभाग ने यह भी कहा है कि ई-केवाईसी भी सभी को कराना जरूरी है। अन्यथा गैस बुकिंग के दौरान ओटीपी मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके लिए सभी को जागरूक किया जा रहा है।

विधानसभा चुनाव के दौरान की थी घोषणा

राजस्थान सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले घोषणा की थी कि गैस सिलेंडर 450 रुपए में मिलेगा। बताया जा रहा है कि प्रदेश में जल्द पंचायत व निकाय चुनाव होने है। ऐसे में यह लाभ देना जनता को जरूरी है। अन्यथा विपक्षी दल घोषणा को मुद्दा बना सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार सस्ते सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।

राजस्थान सरकार उज्ज्वला योजना की तर्ज पर ही एनएफएसए के बचे 1 लाख 60 हजार 967 परिवारों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर मुहैया कराएगी। इसके लिए लाभार्थियों को राशन डीलर के पास जाकर एलपीजी आइडी मैप करानी होगी।

  • मुकेश शर्मा, डीएसओ
Updated on:
01 Aug 2026 03:08 pm
Published on:
01 Aug 2026 01:56 pm