अलवर

बड़ा खुलासा: पपला गुर्जर को पुलिस और SOG की ख़ुफ़िया सूचनाएं पहुंचा रहा था कांस्टेबल, सारी रणनीति कर रहा था लीक

राजस्थान पुलिस ने पपला गुर्जर को पकड़ने के लिए जो भी रणनीति बनाती, पुलिस कांस्टेबल पपला तक पहुंचा देता। इसलिए पपला पुलिस ने भागता रहा।

2 min read
Jan 30, 2021
बड़ा खुलासा: पपला गुर्जर को पुलिस और SOG की ख़ुफ़िया सूचनाएं पहुंचा रहा था कांस्टेबल, सारी रणनीति कर रहा था लीक

अलवर. भिवाड़ी पुलिस के बेड़े में सुराख के कारण राजस्थान पुलिस को कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला को पकडऩे में साढ़े 16 माह लग गए। दरअसल, भिवाड़ी पुलिस की क्यूआरटी का चालक पपला गिरोह से लगातार सम्पर्क में था और पुलिस के हर प्लान की सूचना पपला तक पहुंचा रहा था। इसका खुलासा होने के बाद अधिकारियों ने क्यूआरटी के इस चालक को सस्पेंड कर दिया है और उसके खिलाफ जांच बैठा दी गई है।

बहरोड़ पुलिस ने गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर को 5 सितम्बर 2019 को पकड़ा था। कुछ पुलिसकर्मियों से मिलीभगत कर अगले ही दिन 6 सितम्बर की सुबह पपला ने बहरोड़ थाने पर हमला करा दिया और लॉकअप फरार हो गया। इस घटना से राजस्थान पुलिस की जबरदस्त बदनामी हुई, लेकिन इसके बाद भिवाड़ी पुलिस की क्यूआरटी के चालक सुधीर कुमार ने पपला गुर्जर गिरोह से सम्पर्क साध लिया।

कांस्टेबल सुधीर कुमार इस घटना के बाद से पपला गिरोह के लगातार सम्पर्क में था। पपला की गिरफ्तारी को लेकर भिवाड़ी पुलिस की रणनीति लगातार लीक कर रहा था और पुलिस की गोपनीय जानकारी पपला गिरोह के गुर्गों को दे रहा था। पुलिस की हर प्लानिंग की सूचना पपला के पास पहले ही पहुंच रही थी। जिसके कारण पुलिस कई बार पपला के नजदीक पहुंचने के बाद भी उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई। हर बार पपला पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो रहा था। पपला की गिरफ्तारी के साथ ही क्यूआरटी के चालक सुधीर कुमार की सांठगांठ का भी खुलासा हो गया। इस मामले में भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी ने शुक्रवार देर शाम क्यूआरटी के चालक सुधीर कुमार को निलम्बित कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

इस बार ऑपरेशन में शामिल नहीं किया

पपला की गिरफ्तारी के लिए इस बार राजस्थान पुलिस ने बहुत ही गोपनीय तरीके से ऑपरेशन चलाया और किसी को इस ऑपरेशन के बारे में जरा भी भनक नहीं लगने दी। साथ ही भिवाड़ी क्यूआरटी के चालक सुधीर गुर्जर को भी ऑपरेशन में शामिल नहीं किया गया। इस ऑपरेशन से दूर होने के कारण सुधीर गिरोह को पुलिस की रणनीति नहीं बता सका और पपला धरा गया।

गंभीर आरोपों के चलते निलम्बित किया

भिवाड़ी क्यूआरटी के चालक सुधीर कुमार के विरुद्ध गंभीर आरोपों के चलते विभागीय जांच प्रस्तावित है। जिसके चलते उसे निलम्बित कर दिया गया है।

- राममूर्ति जोशी, पुलिस अधीक्षक, भिवाड़ी।

Published on:
30 Jan 2021 10:16 am
Also Read
View All