राजस्थान पुलिस उप-निरीक्षक (एसआई) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 आज से प्रदेशभर सहित अलवर जिले में भारी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है।
राजस्थान पुलिस उप-निरीक्षक (एसआई) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 आज से प्रदेशभर सहित अलवर जिले में भारी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। दो दिवसीय इस परीक्षा के पहले दिन रविवार को अलवर के केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। परीक्षा में बैठने से पहले अभ्यर्थियों को गहन जांच की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के जूते, चुन्नी और ज्वैलरी तक उतरवा ली गई। पूरी जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्ष के भीतर प्रवेश दिया गया।
जिले में परीक्षा के लिए कुल 64 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से अकेले अलवर शहर में 49 केंद्रों पर परीक्षा संचालित की जा रही है। इसके अलावा उपखंड अलवर में 8, मालाखेड़ा में 4 और रामगढ़ में 3 केंद्रों पर अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। पहले दिन की पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें सामान्य हिंदी का प्रश्नपत्र हल करने के लिए अभ्यर्थी पहुंचे। वहीं, दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान विषय के लिए निर्धारित की गई है।
परीक्षा के दौरान समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखा गया। नियमों के मुताबिक प्रवेश का समय समाप्त होते ही केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इस सख्ती का खामियाजा उन अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ा जो महज कुछ मिनट की देरी से पहुंचे थे। हाथ जोड़ते और मिन्नतें करते अभ्यर्थियों को भी प्रवेश नहीं दिया गया, जिससे कई युवाओं का सपना पहले ही दिन टूट गया।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) बेहद सक्रिय नजर आ रहा है। नकल गिरोह और डमी अभ्यर्थियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एसओजी ने एक बड़ी घोषणा भी की है। विभाग की ओर से ऐलान किया गया है कि जो भी व्यक्ति नकल गिरोह या फर्जी अभ्यर्थियों के संबंध में सटीक सूचना देगा, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए मिनी सचिवालय स्थित एडीएम (शहर) कार्यालय में एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो 6 अप्रैल तक सक्रिय रहेगा। अभ्यर्थी या नागरिक हेल्पलाइन नंबर 0144-2345077 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त एसओजी ने सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 9829934822 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530429258 भी जारी किया है। जिला पुलिस और हेल्पलाइन नंबर 100 पर भी संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट दी जा सकती है। फिलहाल, जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ कल होने वाली दूसरे दिन की परीक्षा की तैयारियों में जुटा है।