अलवर

राजगढ़ थाने में घुसा 8 फीट लंबा सांप: मेस के पास देख पुलिसकर्मियों के उड़े होश

अलवर के राजगढ़ थाने में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिसकर्मियों ने मेस के पास एक विशालकाय 8 फीट लंबा सांप देखा। जंगल और पहाड़ियों से सटे इस थाने में सांप की मौजूदगी से दहशत फैल गई। हालांकि, रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।

2 min read
May 10, 2026
रेस्क्यू टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़ा (फोटो - पत्रिका)

राजगढ़ उपखंड के पुलिस थाने में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर मेस के पास रेंगते हुए एक करीब 8 फीट लंबे सांप पर पड़ी। सांप इतना विशाल था कि उसे देखते ही वहां मौजूद जवानों और पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में सभी लोग सतर्क हो गए और सांप से सुरक्षित दूरी बना ली।

ये भी पढ़ें

पुलिस अधिकारी ने पेश की इंसानियत की मिसाल, अपने घर से करवाई दो गरीब बेटियों की शादी

मेस के पास जमा रही दहशत

जानकारी के मुताबिक, यह सांप काफी देर तक मेस के पास ही जमा रहा। पुलिस थाना परिसर में अक्सर लोगों का आना-जाना लगा रहता है, ऐसे में सांप की मौजूदगी ने पुलिसकर्मियों के साथ-साथ वहां मौजूद आम लोगों में भी दहशत पैदा कर दी। हर कोई इस बात को लेकर चिंतित था कि कहीं सांप किसी को नुकसान न पहुंचा दे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजगढ़ थानेदार राजेश मीना ने तुरंत इसकी सूचना नगर पालिका के कर्मचारी और अनुभवी रेस्क्यू टीम के सदस्य जुगनू तंबोली को दी।

रेस्क्यू टीम की कड़ी मशक्कत

सूचना मिलते ही जुगनू तंबोली अपनी टीम के साथ थाने पहुंचे। वहां का नजारा देख टीम भी हैरान थी, क्योंकि सांप काफी बड़ा और आक्रामक नजर आ रहा था। जुगनू तंबोली ने बड़ी ही सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर एक थैले में बंद कर लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद ही थाने के स्टाफ ने चैन की सांस ली। बाद में टीम ने सांप को आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया।


पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बढ़ी घुसपैठ

दरअसल, राजगढ़ पुलिस थाना जंगल और पहाड़ी क्षेत्र के बिल्कुल करीब स्थित है। यह इलाका जंगली जानवरों का प्राकृतिक आवास है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पहाड़ी क्षेत्र में बघेरा, जंगली सूअर, नीलगाय और जरख जैसे जानवर अक्सर देखे जाते हैं, जो कई बार भोजन और पानी की तलाश में नीचे उतर आते हैं। हालांकि, यह पहली बार है जब इतना बड़ा सांप सीधा थाने के अंदर तक दाखिल हो गया। इससे पहले कभी भी थाना परिसर के इतने करीब सांप नहीं देखा गया था।

इस सफल रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस विभाग ने रेस्क्यू टीम की सतर्कता और सूझबूझ की तारीफ की है। फिलहाल, सुरक्षा के लिहाज से परिसर के आसपास विशेष नजर रखी जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

Published on:
10 May 2026 01:03 pm
Also Read
View All