अलवर

पिता की बचपन में हुई मौत, मां चराती है बकरी, घर में बिजली नहीं, फिर भी रवीना ने प्राप्त किए 93 प्रतिशत

RBSE 12th Arts Result में अलवर जिले के नारायणपुर निवासी रवीना ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। रवीना भविष्य में IPS बनना चाहती हैं।
less than 1 minute read
Jun 08, 2022
RBSE 12th Result: Ravina Of Alwar Got 93 Percent In Board Result
पिता की बचपन में हुई मौत, मां चराती है बकरी, घर में बिजली नहीं, फिर भी रवीना ने प्राप्त किए 93 प्रतिशत

अलवर. कला वर्ग के कक्षा 12 वीं के परीक्षा परिणाम में अलवर जिले के छोटे से गांव गढ़ी की बेटी ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नारायणपुर उपखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यहां तक कि थानागाजी, नारायणपुर तहसील में टॉपर रही है। नारायणपुर के एक छोटे से गांव गढ़ी की रहने वाली छात्रा रवीना गुर्जर ने गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गढ़ी में पढ़ाई की। जब उसे स्कूल के शिक्षक बधाई देने घर पहुंचे तो रवीना की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसे विश्वास नहीं हुआ की वह नारायणपुर और थानागाजी की टॉपर है। रवीना के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। पिता रमेश की मौत रवीना के बचपन में हो गई थी। वहीं उनकी माता विद्या देवी बीमार हैं जिनका गुर्दे का तीन साल पहले ऑपरेशन हुआ था।

रवीना परिवार में तीसरे नंबर की बेटी है। परिवार के हालात खराब होने पर भी रवीना ने पढ़ाई जारी रखी। परिवार का खर्च पशु पालन से चलता है। रवीना बकरियां भी चराती है, अपनी मां का घर के काम काज में भी हाथ बंटाती है।

रवीना गुर्जर की 90 वर्ष की दादी जाना देवी ने बताया कि उसकी पौती रवीना के 12 वीं कक्षा में टॉप आने पर वह खुशी के आंसुओं को रोक नहीं पाई और उसने पौती को आशीर्वाद दिया। रवीना गुर्जर के दो भाई हैं, एक बड़ा व दूसरा छोटा है जिसने कक्षा 10 वीं की परीक्षा दी है, जिसका परिणाम आने वाला है। रवीना गुर्जर पुलिस सेवा में भर्ती होकर जनता की सेवा करना चाहती है। रवीना गुर्जर के तीन कच्चे घर हैं जिन पर तिरपाल डाल रखा है। जिनमें आज भी बिजली कनेक्शन नहीं है। रवीना बैटरी की रोशनी तथा बकरी चराते समय पढ़ाई करती है।

Published on:
08 Jun 2022 04:57 pm