
लोकसभा चुनाव में पहली बार शुरू की गई घर बैठे मतदान सुविधा (होम वोटिंग) शुक्रवार को शुरू हुई। जिले की सभी 11 विधानसभाओं में प्रथम चरण की होम वोटिंग हुई, जिसमें मतदान केंद्र पर पहुंचने में अक्षम 504 मतदाताओं ने वोटिंग की। 325 वरिष्ठ नागरिकों (85 वर्ष से अधिक आयुवर्ग) एवं 179 विशेष योग्यजन श्रेणी के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में अक्षम श्रेणी के कुल 2737 मतदाता हैं, जिसमें से 85 वर्ष से अधिक आयु के 1739 वरिष्ठ नागरिक व दिव्यांग श्रेणी के 998 विशेष योग्यजन हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव में पहली बार होम वोटिंग का लाभ दिया गया। तिजारा विधानसभा में 57 मतदाताओं ने वोट डाला। किशनगढबास में 34, अलवर ग्रामीण में 39, अलवर शहर में 100 मतदाताओं ने वोट डाला। एक मतदाता का निधन हो गया था। ऐसे में वह अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाया। बहरोड में 52, मुण्डावर में 45, रामगढ में 38, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ में 30 मतदाताओं ने वोट डाला। बानसूर में 42, थानागाजी में 26 लोगों ने वोट डाले।