अलवर

केसरिया वाहन रैली निकाली, सेवानिवृत्त सैनिकों को किया सम्मानित

Aug 18, 2025
Feature image

अलवर. क्षत्रिय जन संसद की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में रविवार को द्वितीय केसरिया वाहन रैली आयोजन किया गया। यह रैली मोतीडूंगरी के राजीव गांधी पार्क से रवाना होकर एसएमडी सर्किल, ज्योतिबा फूले सर्किल,अशोका टाकीज, त्रिपोलिया, होपसर्कस, काशीराम का चौराहा भगतसिंह सर्किल से नंगली सर्किल होते हुए शहीद स्मारक पहुंची। रास्ते में जगह जगह पर स्वागत किया गया। यह रैली करीब एक किलोमीटर लंबी थी।

जिलाध्यक्ष उदय सिंह भाटी ने बताया कि इस बार यह दूसरी रैली थी। रैली में जिले भर से पांच सौ के लगभग दो पहिया व चौपहिया वाहन शामिल हुए जिसमें करीब एक हजार के लगभग लोग शामिल थे। रैली में बड़ी संख्या में युवा सफेद पौशाक पहनकर, दोपहिया व चौपहिया वाहनों पर तिरंगी झंडी लगाकर और केसरिया पगड़ी पहनकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। रैली के दौरान साथ चल रहे डीजे पर देशभक्ति गीतों पर युवाओं के साथ साथ बुजूर्गों का भी उत्साह देखते बन रहा था। यहां देश के लिए शहीद होने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई।

इसके बाद सेवानिवृत भूतपूर्व सैनिकों को और पैरामिलिट्री फोर्स के सेवानिवृत्त लोगों को मैडल पहनाकर सम्मानित किया गया। जिनकी संख्या सौ से अधिक थी।इस रैली में संगठन के जिला महामंत्री गिरवर सिंह नरूका पार्षद, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, महावीर सिंह चौहान, सुबेदार मोतीसिंह चौहान, प्रताप सिंह शेखावत, गिर्राज सिंह, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस दल भी रैली के साथ साथ चल रहा था।

Updated on:
18 Aug 2025 12:12 pm
Published on:
18 Aug 2025 12:12 pm