अलवर

पालिका उपाध्यक्ष को गोली मारने वाले शूटर के पिता ने पुलिस पर लगाए ऐसे गंभीर आरोप, सभी रह गए दंग

बहरोड़ में पालिका उपाध्यक्ष की हत्या के आरोपी चिंटू के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
2 min read
Jul 06, 2018
Shooter chintu's father allegations on alwar police
पालिका उपाध्यक्ष को गोली मारने वाले शूटर के पिता ने पुलिस पर लगाए ऐसे गंभीर आरोप, सभी रह गए दंग

बहरोड़ के नगर पालिका उपाध्यक्ष राकेश शर्मा की गोली मारकर हत्या के आरोपित चिंटू उर्फ जयप्रकाश की पुलिस कस्टडी में मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। चिंटू की मौत के दूसरे दिन गुरुवार को पुलिस ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसके शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें उसके शरीर पर चोट के कई निशान मिले। उसके कूल्हे चोट से नीले पड़े हुए थे। हाथ-पैर, गर्दन, आंख में भी चोट के निशान थे। मेडिकल बोर्ड में शामिल चिकित्सकों ने चोट सहित उसके शरीर के विभिन्न अंगों के नमूने एफएसएल व स्टोपैथोलॉजी जांच के लिए भेजे हैं।

उधर, गुरुवार को अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों का आरोप था कि चिंटू को पुलिस ने मारा है। यदि वह पहाड़ी से गिरा होता तो उसके शरीर पर अलग तरह की चोट के निशान होते। हाथ अथवा पैर के पंजों में चोट आती, लेकिन उसके कूल्हे, गर्दन, आंख आदि पर चोटों के निशान हैं, जो कि पहाड़ी से गिरने के नहीं हैं। मृतक के पिता ने बताया कि तीन जुलाई की रात्रि को पुलिस उसके बेटे को उठाकर लाई। इतनी पुलिस फोर्स के बीच से चिंटू कैसे भाग गया? यदि पुलिस की कहानी सच है तो पहले उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, जिनकी कस्टडी से चिंटू भागा। उन्होंने कहा कि पुलिस उसके बेटे को अपराधी बता रही है। उसका बेटा अपराधी था तो पुलिस भी अपराधी है। जिसकी कस्टडी में उसके बेटे की मौत हुई है। उसके बेटे का कोर्ट चाहे फांसी की सजा देती, उसे दुख नहीं होता। पुलिस को उसे सजा देने का कोई अधिकार नहीं है।

पोस्टमार्टम के दौरान अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तिजारा की मौजूदगी में मेडिकल ज्यूरिष्ट डॉ. केके मीणा, सर्जन डॉ. बीएल मेवल व फिजिशियन डॉ. अमित मित्तल शामिल थे। चिकित्सकों ने मृतक का एक्सरे भी कराया। इस मामले को लेकर एसपी राहुल प्रकाश बहरोड़ व नीमराणा पहुंचकर अधिकारियों से चर्चा की।

Published on:
06 Jul 2018 09:35 am