
अलवर। सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के बीच पहचान रखने वाली इन्फ्लुएंसर मीनू राज प्रजापत और उनके परिवार पर हुए हमले के बाद मामला अब प्रशासन तक पहुंच गया है। परिवार पर हुए हमले से डरी हुई मीनू राज सोमवार को जिला कलक्टर से मिलने पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाई और हमले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर घर पर पुलिस बल तैनात करने की गुहार लगाई।
मीनू राज के मुताबिक, जिला प्रशासन की ओर से उनके घर पर शाम 6 बजे से पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने हमले की पूरी जानकारी देते हुए कलक्टर को लिखित पत्र भी सौंपा है। फिलहाल मामले में मेडिकल संबंधी कार्रवाई की जा रही है।
मीनू राज ने बताया कि हमले में उनके सिर पर 8 टांके लगे हैं। उनके पति कुलदीप उर्फ केडी और जेठ के सिर में 20-20 टांके आए हैं, जबकि ससुर को भी 8 टांके लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों की संख्या 20 से 25 के बीच थी, जबकि घर में परिवार के केवल चार लोग मौजूद थे।
मीनू राज ने कहा कि हमलावरों ने एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार वार किए। ज्यादातर हमले सिर पर किए गए। उनके मुताबिक, उनकी खुद की हालत से ज्यादा गंभीर उनके पति और जेठ की स्थिति है। परिवार में छोटे-छोटे बच्चे भी हैं, जो इस घटना के बाद से काफी डरे हुए हैं। ऐसे में उन्हें लगातार यह चिंता सता रही है कि परिवार की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
गौरतलब है कि शनिवार शाम खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम क्षेत्र के बीबीरानी गांव के सैनवास में मीनू राज और उनके परिवार पर हमला हुआ था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले लोगों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों के साथ उनके घर पर धावा बोला। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने घर का गेट तोड़कर प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।
बताया गया कि विवाद की शुरुआत घर के पास पशुओं के चारे के लिए बाजरे की कड़बी की कुट्टी कटवाने के दौरान हुई थी। थ्रेशर की दिशा बदलने को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। घटना के बाद घायलों को अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मीनू राज प्रजापत सोशल मीडिया की चर्चित इन्फ्लुएंसर हैं। इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर उनके एक करोड़ से अधिक फॉलोअर्स और सब्सक्राइबर्स हैं। घटना के बाद उन्होंने वीडियो जारी कर भी अपनी आपबीती बताई थी। अब उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।