
अलवर . महिला चिकित्सालय में गत सवा महीने से गर्भवती एवं अन्य महिलाओं की सोनोग्राफी नहीं हो पा रही थी, जिसके चलते महिलाओं के परिजनों को विरोध स्वरूप सडक़ों पर उतरना पड़ा। वहीं अस्पताल प्रशासन ने सोनोग्राफी मशीन को ही कंडम घोषित कर दिया, जिससे गर्भवती, प्रसूताओं व अन्य महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए सामान्य अस्पताल जाना होगा।
महिला चिकित्साला में गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी के लिए एक मशीन लगी थी। पूर्व में चिकित्सकों की कमी व अवकाश के चलते महिलाओं को गत सवा महीने से सोनोग्राफी की समस्या से जूझना पड़ रहा था। अस्पताल प्रशासन इस समस्या का तो स्थाई समाधान नहीं निकाल पाया, लेकिन उसने समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सोनोग्राफी की मशीन को ही कंडम घोषित करा दिया। इस कारण अब यहां सोनोग्राफी करना ही बंद कर दिया गया है। अब जनाना अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं व अन्य बीमार महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए सामान्य चिकित्सालय में जाना पड़ रहा है।
20 जुलाई से नहीं बदली सूचना
सोनोग्राफी कक्ष के बाहर एक सूचना बोर्ड लगाया हुआ है। इस पर 20 जुलाई के बाद से लेकर अब तक सूचना को अपडेट नहीं किया गया है। जब इस बारे में स्टाफ से जानकारी ली गई तो इनका कहना था कि सबको पता है कि यहां मशीन खराब है इसलिए कोई महिला यहां नहीं आ रही है।
15 साल पुरानी है सोनोग्राफी मशीन
जनाना अस्पताल में लगी हुई यह मशीन करीब 15 साल पुरानी है। जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपए है । इस मशीन से एक दिन में करीब 50 सोनोग्राफी की जा रही है। इसमें जनाना अस्पताल में भर्ती महिलाओं के अलावा बाहर से आने वाली गर्भवती व अन्य स्त्री रोग से पीडित महिलाओं की सोनोग्राफी की जाती है। मशीन के खराब होने से यहां कार्यरत स्टाफ भी खाली हो गया है । वर्तमान में यहां पर एक महिला डाक्टर, एक स्टाफ व एक सहायक कर्मचारी की डयूटी लगाई हुई है जो खाली बैठे रहते हैं।
जनाना अस्पताल में लगे सोनोग्राफी मशीन कंडम हो चुकी है। इसकी सूचना पीएमओ को भी दी जा चुकी है। जब तक नई मशीन नहीं आ जाती तब तक सामान्य चिकित्सालय में ही सोनोग्राफी की जाएगी।
डॉ. अनिला गेरा, सोनोग्राफी प्रभारी