
Alwar News: वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने शनिवार देर रात वन चौकी का औचक निरीक्षण किया। रात करीब 12 बजे वन मंत्री अचानक कुशालगढ़ और थैंक्यू बोर्ड नाके पर पहुंचे। इस दौरान कर्मचारी सोता हुआ मिला। शर्मा ने उसे फटकार लगाई और कहा कि क्या सरकार सोने की तनख्वाह दे रही है। शर्मा ने हाजिरी रजिस्टर की जांच की और अनुपस्थित कर्मचारियों की गैर हाजिरी दर्ज की।
वनमंत्री ने कुशालगढ़ में रजिस्टर चेक किया और दूसरे कर्मचारियों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों के कम मिलने का कारण पूछा। इसके बाद रात एक बजे सरिस्का वन चौकी पहुंचे, जहां होम गार्ड सोता हुआ मिला।
वन मंत्री को देखते ही तैनात होम गार्ड घबरा गए और अपनी सफाई देने लगे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कर्मचारियों की कार्यशैली और वन सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शर्मा ने पिछले दिनों भी सरिस्का की टहला रेंज के घाटला ऑफिस का औचक निरीक्षण किया था, जहां 2 कर्मचारी दिन में सोते मिले थे।