अलवर में तेज तूफान के शांत होने के बाद अब मदद के लिए हाथ आगे आ रहे हैं।
अलवर. तेज गति के तूफान ने हजारों पेड़ों को धराशायी कर दिया। इन पेड़ों पर रह रहे पक्षी बेघर हो गए। किशनकुंड क्षेत्र में पेड़ों पर रहने वाले अनेक मोर घायल हो गए। स्थानीय युवक विशाल और नितिन शर्मा रात भर इनको बचाने में लगे रहे। विशाल ने बताया कि करीब 20 मोर पेड़ों के नीचे दब गए, इनको निकालकर उपचार किया गया। इनमें से कुछ की मौत भी हो गई। जिंदा बचे मोरों को वन विभाग को सौंप दिया गया। जहां इनका उपचार चल रहा है।
पीडि़त लोगों की मदद के लिए आगे आए स्वयं सेवक
अलवर. शहर में आए तेज तूफान के कारण कई कच्ची बस्तियों में लोगों के घर तबाह हो गए है। वहीं राष्ट्रीय स्वंसेवक संघ के स्वयं सेवक ऐसे लोगों की मदद के लिए आगे आए है। संघ के स्वयं सेवकों ने तूफान के बाद शहर कच्ची बस्तियों में जाकर लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की। स्वयं सेवकों ने बताया कि लोगों के कच्चे घरों को फिर से बनाने के लिए भी उनकी ओर से सहयोग किया जाएगा।
लोगों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम
तूफान को गए चौबीस घंटे से अधिक का समय होने के बाद भी शहर की विद्युत व्यवस्था बहाल करने में नाकाम रहे बिजली निगम के खिलाफ गुरुवार शाम लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्कीम एक, लखण्डावाला कुआं, रामगंज सहित आस-पास के गुस्साए लोग शाम को बिजलीघर चौराहा पहुंचे और जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि निगम अधिकारी आमजन का न तो फोन उठा रहे हैं और न बिजली दुरुस्त कर रहे हैं। चौबीस घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद भी बिजली नहीं आने से सारे कार्य अस्त-व्यस्त हो गए हैं। स्थिति ये है कि लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी गर्मी के मौसम में छोटे बच्चों को आ रही है। लोगों का आरोप था कि निगम प्रशासन ने सरकारी अधिकारी व पहुंच वाले लोगों के क्षेत्रों की बिजली तो दुरुस्त कर दी है, आमजन की परेशानी पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जाम की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर जाम खुलवाया।
पुलिस ने खुलवाया जाम
पुरुषार्थी धर्मशाला विवेकानंद चौक पर करीब एक घंटे तक लोगों ने जाम लगा दिया। लोगों का आरोप था कि तूफान के बाद भी जिला प्रशासन ने उनकी सुध नहीं ली है। सुबह से ही लोग परेशान है। पेड़ भी नहीं हटाया गया। गुस्साए लोगों ने पेड़ की टहनियों को बीच रास्ते में डालकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रास्ता खुलवाया।