Tigress With Cubs: राजस्थान के अलवर जिले की सरिस्का बाघ परियोजना में पर्यटकों को बाघिन और उसके चार शावकों को देखने का रोमांचक अनुभव मिला। बाघों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है।
Sariska Tiger Reserve: राजस्थान के अलवर जिले की सरिस्का बाघ परियोजना में पर्यटकों को एक खास नजारा देखने को मिला। सरिस्का बफर रेंज में बाघिन और उसके 4 शावकों का विचरण पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बन गया।
पर्यटकों के अनुसार यह पहला मौका है जब पर्यटकों को इतनी संख्या में बाघ एक साथ दिखाई दिए। दरअसल बारा लिवारी रास्ते पर शाम की सफारी के दौरान बाघिन एसटी-19 अपने चार शावकों के साथ झाड़ियों से निकलते नजर आई। जिससे पर्यटक खुश हो गए। गाइड आकाश पारीक ने बताया कि सफारी के दौरान पहले पगमार्क दिखे उनका पीछा करते हुए उन्होंने बाघिन और उसके शावकों को देखा। शावकों की उम्र करीब 9 महीने है।
वनपाल ज्योति शर्मा ने बताया कि अलवर बफर रेंज में बाघों की संख्या तेजी से बढ़ी है और अब यह क्षेत्र बाघों से आबाद हो गया है। वर्तमान में इस क्षेत्र में करीब 11 बाघ हैं। इनमें 4 बाघिन और 1 बाघ शामिल हैं, साथ ही छह शावक भी विचरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलवर शहर के नजदीक होने के कारण पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि की संभावना है।
रेंजर शंकर सिंह ने बताया कि सरिस्का बाघ परियोजना में कुल बाघों की संख्या अब 50 हो गई है। बाघों की लगातार बढ़ोतरी पर्यटकों को यह दुर्लभ दृश्य दिखाने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है।